सीएम योगी पर अभद्र टिप्पणी मामले में ईंट-भट्ठा मालिक पर तीन थानों में मुकदमा दर्ज

लखनऊ। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में पिपराइच के भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह के भाई और ईंट-भट्ठा मालिक भोलेंद्र पाल सिंह के खिलाफ तीन थानों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन की टीम ने शनिवार रात पिपराइच क्षेत्र के रउतापार में भोलेंद्र के ईंट-भट्ठे पर छापा मारा और अनियमितताएं पाई जाने पर नोटिस जारी किया है।

साइबर थाने में मीडिया सेल में तैनात सिपाही रामबोध की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पिपराइच में गंगेश और रामगढ़ताल थाने में सामाजिक कार्यकर्ता संजय त्रिपाठी की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया गया है। वायरल पोस्ट को बाद में डिलीट कर दिया गया था, लेकिन तब तक वह तेजी से फैल चुका था।

सिपाही रामबोध ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर मुख्यमंत्री से संबंधित एक अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट देखी, जो गुलरिहा इलाके के जमुनिया निवासी भोलेंद्र पाल सिंह की आईडी से की गई थी। इस पोस्ट से भाजपा समर्थकों में आक्रोश पैदा हुआ और सामाजिक सद्भाव बिगड़ने का खतरा था।

बताया जा रहा है कि विधायक महेंद्र पाल सिंह और उनके भाई भोलेंद्र पाल सिंह के बीच रिश्ते अच्छे नहीं हैं और दोनों परिवार पिछले 25 वर्षों से अलग-अलग रह रहे हैं। विधायक महेंद्र पाल ने कहा कि उन्हें पोस्ट की सामग्री की जानकारी नहीं है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts