साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने लिया अलग होने का फैसला
हैदराबाद। भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप अब शादी के सात साल बाद अलग हो गए हैं। इस बात की पुष्टि साइना ने 13 जुलाई (रविवार) को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है और दोनों अपने-अपने जीवन में शांति, विकास और उपचार की ओर अग्रसर होना चाहते हैं।
सायना ने लिखा,“जिंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का विकल्प चुन रहे हैं। मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।”
सायना और कश्यप की प्रेम कहानी बैडमिंटन कोर्ट से शुरू हुई थी, जब दोनों हैदराबाद की पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे थे। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर 14 दिसंबर 2018 को शादी के बंधन में बंधे। हालांकि, शादी से पहले तक इस रिश्ते को उन्होंने निजी ही रखा था।
खेल उपलब्धियाँ
सायना नेहवाल ने भारत को बैडमिंटन में कई ऐतिहासिक पल दिए।
2012 लंदन ओलंपिक में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर देश का सिर गर्व से ऊंचा किया।
2015 में वह विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण पदक भी अपने नाम किए।
पारुपल्ली कश्यप भी किसी से कम नहीं रहे।
उन्होंने 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता।
2012 ओलंपिक में वे पुरुष एकल वर्ग में क्वार्टरफाइनल तक पहुंचे और विश्व रैंकिंग में छठे स्थान तक का सफर तय किया।
सायना और कश्यप का यह फैसला खेल प्रेमियों के लिए निश्चित ही चौंकाने वाला है, लेकिन दोनों ने परिपक्वता के साथ इस निर्णय को सार्वजनिक किया है। अब दोनों खिलाड़ी अपने-अपने जीवन की नई दिशा की ओर बढ़ रहे हैं, और पूरा देश उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहा है।
No comments:
Post a Comment