औरंगजेब की कब्र वाले शहर का नाम भी अब बदलेगा
फडणवीस के मंत्री ने किया एलान
मुंबई (एजेंसी)।
महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर मचे बवाल के बीच देवेंद्र फडणवीस सरकार के मंत्री ने खुल्दाबाद शहर का नाम बदलने का एलान कर दिया है। महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा है कि मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र वाले खुल्दाबाद शहर का नाम बदलकर रत्नापुर रखा जाएगा।
सामाजिक न्याय मंत्री, राज्य के कुछ अन्य नेता और दक्षिणपंथी संगठन छत्रपति संभाजीनगर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर खुल्दाबाद से औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग कर रहे हैं। औरंगजेब, उसके बेटे आजम शाह, निजाम आसफ जाह और कई अन्य लोगों की कब्रें इस इलाके में स्थित हैं।
इससे पहले पिछले महीने शिरसाट ने कहा था कि छत्रपति संभाजी महाराज को प्रताड़ित करने और उनकी हत्या करने वाले क्रूर सम्राट औरंगजेब की कब्र के लिए महाराष्ट्र में कोई जगह नहीं है। पिछले हफ्ते ही पत्रकारों से बात करते हुए शिरसाट ने कहा था कि छत्रपति संभाजीनगर को पहले खड़की के नाम से जाना जाता था और बाद में इसका नाम बदलकर औरंगाबाद कर दिया गया।
छत्रपति संभाजीनगर के संरक्षक मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि हम खुलदाबाद का नाम सच में बदल नहीं रहे हैं। इस शहर को पहले रत्नापुर के नाम से जाना जाता था। सरकारी रिकॉर्ड में भी यही नाम दर्ज है। हम सिर्फ उस पुराने नाम को वापस ला रहे हैं जिसे मुगलों ने बदल दिया था। यह एक आधिकारिक सुधार होगा। औरंगजेब के शासनकाल में रत्नापुर का नाम बदलकर खुल्दाबाद कर दिया गया था।' शिरसाट ने कहा कि सरकार खुल्दाबाद में एक स्मारक बनाने को लेकर भी सकारात्मक है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके बेटे संभाजी महाराज के इतिहास का प्रतीक बनेगा।
No comments:
Post a Comment