बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में होलिका का दहन
शहर में डेढ़ हजार से अधिक स्थानों पर जली होली
विशेष पूजन के साथ रात 10:30 बजे के बाद शुरू हुआ दहन .
मेरठ। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में गुरुवार रात को होलिका का दहन किया गया। इस दौरान होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। होलिका दहन से पूर्व विशेष पूजा अर्चना भी की गई। प्रहलाद की भगवान विष्णु के प्रति भक्ति के जश्न के रूप में मनाए जाने वाले इस पर्व का उल्लास गुरुवार शाम से ही शुरू हो गया। होलिका दहन रात 10:37 पर शुरू हुआ जो आधी रात तक चला।
शहर में डेढ़ हजार से अधिक स्थानों पर होलिका जलाई गई। मेरठ में होलिका दहन के 63 स्थानों को संवेदनशील घोषित किया गया था। सुरक्षा के लिहाज से पीएसी के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स भी होलिका दहन स्थलों पर तैनात की गई थी। पूरे जिले को जोन, सेक्टर और सब सेक्टरों में बांटा गया था। यहां 5 जोन, 32 सेक्टर और 54 सब सेक्टर बनाए गए थे। इसके अलावा प्रत्येक थाना स्तर पर क्लस्टर मोबाइल टीमों को तैनात् किया गया था। शहर में होलिका दहन स्थलों पर भी क्लस्टर मोबाइल टीमों की भी तैनाती की गई थी। उधर दूसरी ओर होलिका दहन से पूर्व ही विभिन्न स्थानों पर होली का रंग शुरू हो गया था जो देर रात तक जारी रहा। शास्त्री नगर, ब्रह्मपुरी, शारदा रोड, लाल कुर्ती, सदर बाजार, माधवपुरम और कंकरखेड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर होली जलाई गई।
डीजे पर सख्ती रही बेअसर
होली के अवसर पर प्रशासन द्वारा डीजे की ध्वनि पर नजर रखी गई। हालांकि कई स्थानों पर यह सख्ती बेअसर दिखी। कई स्थानों पर डीजे की ध्वनि मानकों के विपरीत रही। कुछ स्थानों पर तो दिन से ही डीजे चलने शुरू हो गए थे।
सड़कों पर उतरा पुलिस महकमा
हुडदंगियों पर नजर रखने के लिए पुलिस महकमा सड़कों पर उतर गया। थाना प्रभारी से सर्किल आफिसर पर अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करते नजर आए। लगातार मॉनिटरिंग की जाती रही।
No comments:
Post a Comment