पिता ने बेटी और उसके प्रेमी को सुलाया मौत के घाट
बेटी को घर में प्रेमी संग देखकर उठाया दुत्साहस कदम
बागपत। बागपत जिले बडौत के जाेनमाना गांव में रविवार की सुबह ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जहां एक पिता ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। रविवार सुबह पिता ने दोनों को घर में एक साथ देख लिया था।एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आरोपी पिता पुष्पेंद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान दृष्टि और बलराम के रूप में हुई है।
जोनमाना गांव के रहने वाले पुष्पेंद्र (50) के 1 बेटा और 2 बेटी थे। रविवार सुबह पुष्पेंद्र अपने बड़ी बेटी और बेटे के साथ गांव से बड़ौत गया था। उसकी पत्नी किसी काम से घर से बाहर गई थी। छोटी बेटी दृष्टि घर पर अकेली थी। इसी बीच बलराम उसके घर आ गया।वहीं, कुछ देर बाद पुष्पेंद्र भी अपने दोनों बच्चों को बड़ौत छोड़कर वापस घर आ गया। घर आते ही पुष्पेंद्र ने दृष्टि और बलराम को कमरे में आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इससे नाराज होकर दोनों को घर में ही रस्सी से गला घोंटकर मार डाला।थोड़ी देर बाद जब दृष्टि की मां घर आई, तो दोनों बेटी और बलराम के शव देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। डबल मर्डर की सूचना पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बार-बार मना करने के बाद भी दोनों एक-दूसरे से बात करते थे मौके पर मौजूद गांव वालों ने बताया- दृष्टि ने पिछले साल ही 12वीं पास किया था। बलराम 11वीं में पढ़ रहा था। बलराम और दृष्टि के घर की दूरी सिर्फ 100 मीटर है। सुबह 11.30 बजे पुष्पेंद्र के घर में चीख-पुकार सुनकर हम मौके पर पहुंचे। घर में बलराम और दृष्टि की लाश पड़ी थी।दृष्टि और बलराम के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घर वालों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दृष्टि की पढ़ाई छुड़वा दी। दोनों को समझाने के साथ ही कई बार डांट-फटकार भी लगाई थी। पिता पुष्पेंद्र ने इसको लेकर कई बार दृष्टि की पिटाई भी की थी। इसके बावजूद दोनों एक-दूसरे से बात करते थे। मौका मिलते ही मिलते भी थे।बलराम के घर में कुल 5 लोग थे। बलराम, उसका भाई नवीन, भाभी नेहा, मां सुनीता और पिता राजेश्वर रहते हैं। राजेश्वर मजदूरी करता है।
मृतक की भाभी बोली- घर बुलाकर मेरे देवर को मार डाला मृतक बलराम की भाभी नेहा ने बताया- बलराम सुबह घर पर था। कुछ लोग करीब 9 बजे मेरे घर आए और बलराम को बुलाकर ले गए। उसके 1 घंटे बाद पता चला कि मोहल्ले में पुलिस आई है। बलराम की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई है। मेरा देवर पढ़ने में होशियार था। अक्सर घर पर ही रहता था और टीवी देखने के अलावा पढ़ाई करता था।
वह नौकरी की तैयारी के लिए कोचिंग भी करता था, लेकिन आज रविवार के चलते छुट्टी थी। देवर पर झूठे इल्जाम लगाए हैं। लड़की से अफेयर जैसी कोई बात नहीं थी। मेरी शादी के 2 साल हो चुके हैं, मैंने ऐसा कभी नहीं देखा।
मां बोली- लड़की के घर वालों ने मर्डर किया बेटे की मौत की खबर सुन कर बलराम की मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मेरे बेटे को दृष्टि के घर वाले बुला कर ले गए, फिर मार डाला। मुझे नहीं पता था कि बेटे को बुलाकर ले जा रहे हैं। अब उसके मौत की खबर आएगी।
No comments:
Post a Comment