अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला का हुआ शुभारंभ
पहले दिन वाद-विवाद प्रतियोगिता में महिलाओं की सुरक्षा व समाज में भागीदारी पर रखे विचार
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस मेरठ ने मदन मोहन मालवीय सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विश्वविद्यालय द्वारा मनाए जा रहे साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का विषय कानून प्रवर्तन एवं सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कुंजी रहा।कार्यक्रम में लिबरल आर्ट्स एवं ह्यूमैनिटीज, लॉ कॉलेज एवं डेन्टल कॉलेज की प्रमुख भूमिका रही।
वाद विवाद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेज व विभाग के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किये। कुल 136 छात्र छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल हुए, साथ ही प्राध्यापकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम में कानून प्रवर्तन में लैंगिक समावेशन के महत्व को रेखांकित किया गया। इस वाद-विवाद प्रतियोगिता ने छात्रों को सुरक्षा क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका और समाज पर उनके प्रभाव पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया गया।
विदित रहे कि लैंगिक समानता व महिला अधिकारों को लेकर जागरूकता लाने के विभिन्न प्रयास विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे है। विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.शल्या राज के निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 को महिला सप्ताह के रूप में विशेष रूप से मनाया जा रहा है। जिसमें सप्ताह भर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की एक पूरी श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
महिला दिवस की पूरी श्रृंखला में सेमिनार, वाद विवाद, भाषण, निबंध, क्विज प्रतियोगिता एवं प्रतिष्ठित वक्ताओं द्वारा महिलाओं की समाज में भूमिका व पुरुषों का दायित्व आदि विभिन्न विषय पर व्याख्यान सहित परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने हेतु कार्यशाला का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षकों व सशक्त नारियों को अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रही सशक्त महिलाएं अपने अनुभव को साझा करेंगी।
No comments:
Post a Comment