तेज हवा के कारण 45 मिनट आसमान में चक्कर काटता रहा विमान

 विमान में सवार यात्रियों की अटकी सांसे 

गोरखपुर।गोरखपुर एयरपोर्ट पर तेज हवा के कारण इंडिगो एयरलाइन का विमान लैंड नहीं कर सका। मुंबई से आए विमान ने लैंडिंग के लिए करीब 45 मिनट तक हवा में चक्कर काटता रहा। लेकिन, तेज हवा व पायलट के अनस्टेबलाइज्ड एप्रोच के कारण एटीसी ने उसे लैंडिंग की परमिशन नहीं दी।विमान को वाराणसी के लिए डायवर्ट कर दिया गया। वाराणसी से उड़ान भरकर करीब ढाई घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंचा। विमान को गोरखपुर एयरपोर्ट पर शाम 5:35 बजे लैंड करना था।

इंडिगो का विमान संख्या 6 ई 544 अपने निर्धारित समय से 225 यात्रियों को लेकर रविवार शाम गोरखपुर पहुंचा था। जब विमान लैंडिंग करने लगा तो वह तेज हवा के कारण एक के बाद एक चक्कर लगाने लगा। विमान ने आसमान में 4 चक्कर लगाए। इससे विमान में बैठे यात्रियों की सांसें अटक गईं।कुछ देर बाद पायलट ने फिर से विमान की लैंडिंग का प्रयास किया, मगर तेज हवा के कारण लैंडिंग नहीं हो सकी। हवा इतनी तेज थी कि उसे यहां उतरने की अनुमति नहीं दी गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक विमान का उतरना खतरनाक हो सकता था। इसलिए उसे वाराणसी भेज दिया गया।विमान जब वाराणसी डायवर्ट किया गया तो यात्री परेशान हो गए और हंगामा करने लगे। बोले- वाराणसी से वह गोरखपुर कैसे पहुंचेंगे। फिर विमान में मौजूद स्टाफ ने उन्हें समझाया। कहा- इसी विमान से वह गोरखपुर वापस आएंगे।वाराणसी में किसी को नहीं उतारा जाएगा। तब यात्री शांत हुए। करीब ढाई घंटे की देरी से जब वे गोरखपुर पहुंचे तो राहत की सांस ली। करीब 40 मिनट तक यात्री बनारस एयरपोर्ट पर विमान में ही बैठे रहे। मौसम सामान्य हुआ तो एक बार फिर विमान गोरखपुर के लिए उड़ान भरा।गोरखपुर एयरपोर्ट से इसी विमान को वापसी में मुंबई के लिए शाम 6.15 बजे उड़ान भरनी थी। 224 यात्री चेक इन कर चुके थे। उन्हें विमान के राइट टाइम होने की सूचना भी दी गई थी। इसी बीच अचानक यात्रियों को सूचना मिली कि विमान गोरखपुर में लैंड नहीं कर पाया।ऐसे में मुंबई जाने वाले यात्री परेशान हो गए। यात्री पूछताछ काउंटर पहुंचे। वहां विमान के बारे में जानकारी की। यात्रियों ने पूछा कि क्या विमान कैंसिल हो गया? एयरपोर्ट प्रशासन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि विमान रात 8 बजे तक यहां पहुंच जाएगा।खराब मौसम के कारण उसकी यहां लैंडिंग नहीं हो पाई थी। इसीलिए उसे वाराणसी भेज दिया गया। विमान जब गोरखपुर में लैंड हुआ तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। उन्हें लेकर यह विमान 2:42 घंटे की देरी से रात 8.57 बजे मुंबई के लिए रवाना हुआ।




No comments:

Post a Comment

Popular Posts