मुंबई में सड़कें पानी में डूबीं, 4 मौतें
नई दिल्ली (एजेंसी)।सितंबर के आखिरी हफ्ते में देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। मुंबई में बुधवार शाम करीब पांच घंटों के दौरान 3.9 इंच से ज्यादा बारिश से सड़कें नदियों में बदल गईं। देर रात तक गाड़ियां कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसी रहीं। मुंबई एयरपोर्ट पर 14 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं। लोकल ट्रेनें भी देरी से चलीं।
मुंबई में भारी बारिश के कारण 4 लोगों की मौत भी हुई। यहां अंधेरी में खुले मैनहोल की वजह से एक महिला नाले में डूब गई। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है। मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है। लोगों से घरों में रहने को कहा गया है। पुणे के सर परशुराम कॉलेज ग्राउंड में पानी भरने पर पीएम नरेंद्र मोदी की सभा रद्द हो गई है।
इधर, गुजरात के सूरत में बुधवार को 2 घंटे में 2 इंच बारिश से कदरसा और संग्रामपुरा इलाके की नहरों में बाढ़ आ गई। बच्चे स्कूलों में फंस गए, जिन्हें दमकल विभाग ने रेस्क्यू किया। सिविल अस्पताल में भी पानी भर गया। गुजरात में अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है।
No comments:
Post a Comment