यमुना,गंगा और हिंडन नदियों का जलस्तर बढ़ा 

 मेरठ,गंगा  व बागपत के  किसान परेशान / सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हुई 

मेरठ। रिमझिम सावन के बीच पहाड़ों पर बारिश के चलते पानी छोड़े जाने से यमुना और हिंडन नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इन नदियों का जलस्तर बढ़ने से मेरठ और बागपत के कई किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। इससे हिंडन नदी के किनारे बसे मुकारी और ललियाना सहित कई गांवों में खड़ी पशुओं के चारे की फसल जलमग्न हो गई। जलस्तर बढ़ने से बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है।

 उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों पर भारी बारिश के चलते यमुना और हिंडन नदी में हथिनीकुंड बैराज (हरियाणा) से पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते शनिवार को यमुना नदी में छोड़े गए पानी के चलते सोमवार सुबह तक यहां के किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ। यमुना नदी का जलस्तर तो बढ़कर किनारों तक पहुंच गया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से खादर में उगाई गई सब्जी और पशुओं के चारे की फसल जलमग्न हो गई। इससे किसानों को नुकसान हुआ है।  खेतों में पानी पहुंचने के साथ ही किसान भी अपने खेतों में पहुंचे और फसल काटने में जुट गए। लेकिन जलस्तर इतना  बढ़ गया कि किसानों को वापस लौटना पड़ा। उधर जलस्तर बढ़ने से हिंडन नदी का पानी भी किनारों से बाहर आना शुरु हो गया है।  इससे किनारे बसे पुरा महादेव, मुकारी, ललियाना, गढ़ी कलंजरी, शरफाबाद और कहरका सहित  कई गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। उधर यमुना और हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यहां बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। इसके बाद प्रशासन की टीम यमुना और हिंडन नदी किनारे बसे गांवों में जाकर किसानों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रही है। इसके अलावा किसानों को भी नदियों और जलभराव वाले खेतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts