जीआईएस सर्वे की रिपोर्ट पर व्यापार संघ ने उठाए सवाल  

नगर आयुक्त को भेजे गये शिकायती पत्र पर घोर अनियमितता का आरोप लगाया 
मेरठ। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आवासीय और गैर आवासीय संपत्तियों पर गृह कर लगाने के उद्देश्य से किए जा रहे सर्वे पर संयुक्त व्यापार संघ ने उंगली उठाई है। इस मामले में व्यापार संघ ने नगर आयुक्त को भेजे गए शिकायती पत्र में घोर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। बताते चलें कि गृह कर को लेकर पिछले काफी समय से नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत जीआईएस सर्वे चल रहा है। व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता का आरोप है कि सर्वे कर रही कंपनी के कर्मचारी व्यावसायिक एवं आवासीय परिसरों में लोगों को गृह कर बढ़ाने के नाम पर भयभीत कर  उनसे अवैध वसूली कर रहे हैं। व्यापार संघ ने नगर आयुक्त को इस बात के प्रमाण भी उपलब्ध कराए हैं कि इस सर्वे से खुद निगम के कई अधिकारी और महापौर तक संतुष्ट नहीं है। बताते चलें कि इस प्रकरण में कई बार नगर निगम की बैठकों में मामले को उठाया जा चुका है। इस मामले का कई सामाजिक संगठन भी विरोधी कर चुके हैं। व्यापार संघ ने आरोप लगाया है कि इतने झोल होने के बावजूद नगर निगम प्रशासन इस सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर गृह कर लागू करने का मन बना चुका है। उन्होंने निगम अधिकारियों से मांग की है कि भ्रष्टाचार पर आधारित इस सर्वे को स्वीकार न करें तथा इस रिपोर्ट के आधार पर गृह कर व्यवस्था को लागू न करें। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts