स्वच्छकारों को केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का दिलाये लाभ-भगवत प्रसाद मकवाना
स्वच्छकारों का उत्पीड़न किसी भी दशा में नहीं किया जाएगा बर्दाश्त-
सदस्य सेंट्रल मॉनिटरिंग कमेटी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार ने सर्किट हाउस में की प्रशासनिक समीक्षा बैठक
मेरठ। शुक्रवार को सर्किट हाउस में सदस्य सेंट्रल मॉनिटरिंग कमेटी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार भगवत प्रसाद मकवाना द्वारा मैनुअल स्कैवेंजर्स अधिनियम 2013 के जनपद में लागू होने व पालन करने की प्रशासनिक समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में सदस्य ने कहा कि अधिकारी स्वच्छकारों को केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिलाये। उन्होंने कहा कि नगर निगम में मृतक आश्रित के लंबित मामलों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें तथा सफाई कर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाये।
उन्होने जनपद स्तर पर स्वच्छकारो के सर्वेक्षण हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिये। उन्होंने समस्त ईओ, नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों में जिस प्रकार अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी, स्वयंसेवी संस्था इत्यादि को सम्मानित किया जाता है उसी प्रकार नगर निगम व नगर पालिका क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले स्वच्छकारों का चयन कर सम्मानित किया जाये।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नगर निकायों में तैनात सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, उपकरण एवं न्यूनतम मजदूरी की जानकारी लेते हुए स्वच्छकारों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराया जाये, जिसमें कौशल प्रशिक्षण, ऋण अनुदान, पढे-लिखे युवक- युवतियों को रोजगार प्रदान करना इत्यादि को प्राथमिकता पर लेते हुए कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका में सफाई कर्मियों की रिक्तियों को पूर्ण किया जाये। भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के नायक मातादीन वाल्मीकि के नाम पर चौक का नामकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाना सुनिश्चित किया जाये।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात् स्वच्छकारों का देयक भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को मानक के अनुसार सफाई कर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि स्वच्छकारों के लिए समय-समय पर हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया जाये। नगर निगम द्वारा स्लम एरिया का दोबारा सर्वेक्षण करते हुए विकास कार्यों को सुनिश्चित किया जाये तथा कार्यालय पर स्वच्छकारों को जानकारी एवं सहायता हेतु हेल्प डेस्क बनाई जाये।
उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी से कितने स्वच्छकारों को ऋण दिलाया गया व कितने स्वच्छकारों को सेवायोजन हेतु प्रशिक्षण दिलाया गया के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए स्वच्छकारों की बस्ती में कैम्प लगाकर अधिक से अधिक लोगो तक योजनाओं की जानकारी पहुचाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वच्छकारों की बस्ती में सड़क एवं नाली निर्माण, पथ प्रकाश, सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य कराया जाये।
उन्होंने कहा कि स्वच्छकार प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में है तथा उनके लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही है। सरकार की मंशा अनुरूप स्वच्छकारों को लाभ व सहयोग सुनिश्चित किया जाये। स्वच्छकारों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन बलराम सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास पंखुरी जैन, बीएसए आशा चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment