कोई गधा नहीं सब घोड़े हैं, बस करनी है पहचान 

हरियाणा कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर दी नसीहत 

 नयी दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसे लेकर बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी ने हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सब हमारे कार्यकर्ता हैं। कोई गधा नहीं है। बस तय करना है कि कौन शादी का घोड़ा-घोड़ी है और कौन रेस का।

लोकसभा चुनाव-2024 के प्रदर्शन ने कांग्रेस में जोश भर दिया है. पार्टी उन राज्यों में भी बीजेपी को कड़ी टक्कर दी जहां 2014 और 2019 में वो धाराशायी हो गई थी। इसमें हरियाणा भी शामिल है। उत्तर भारत के इस राज्य में कांग्रेस ने 5 सीटें जीती हैं। इस कामयाबी के बाद कांग्रेस अब राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा के नेताओं के साथ बैठक की। समीक्षा बैठक में हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने अपना पक्ष रखा. उन्होंने अपने और परायों को लेकर गधे-घोड़े की बात की। हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने अपनों को घोड़ा बताया तो परायों को गधा। इसपर राहुल गांधी ने कहा, ‘हमारे सभी कार्यकर्ता घोड़े-घोड़ी हैं। कोई गधा नहीं है। बस ये तय करना है कि कौन शादी का घोड़ा-घोड़ी है और कौन रेस का। ’

कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर साधा निशाना

उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, हरियाणा के किसानों और नौजवानों को बीजेपी ने धोखा दिया है। कांग्रेस पार्टी के सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा, बीजेपी के 10 वर्षों के शासन ने हरियाणा के विकास को रोक दिया है। सैकड़ों भर्ती परीक्षाओं में धांधली हुई है, किसानों पर घोर अत्याचार हुए हैं, लाठियां बरसाईं गई हैं, दलितों, पिछड़ों पर अत्याचार हुए हैं, महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं, अपराधों में तेजी आई है. खरगे ने आगे कहा कि हम सबको एकजुट होकर जनता की आवाज बुलंद करना है।पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान, प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और कई अन्य नेता शामिल हुए.

‘सार्वजनिक बयान देने से बचें’

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी में एआईसीसी में हरियाणा कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। सभी नेताओं को स्पष्ट निर्देश जारी किया गया कि पार्टी के किसी भी मतभेद या आंतरिक मामलों के संबंध में कोई भी सार्वजनिक बयान देने से बचें.।उन्होंने कहा, हम एकजुट होकर बीजेपी से मुकाबला करेंगे।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts