हाथ मिलाने से नहीं फैलता कुष्ठ रोग : डा. के सी तिवारी 

 स्पर्श कुष्ठ रोग अभियान आज से शुरू , 13 फरवरी तक चलेगा अभियान 

- जागरूकता रैली और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

  मेरठ। कुष्ठ रोग एक संक्रमण है, जो माइकोबैक्टीरियम लेप्रे नामक बैक्टीरिया के कारण होता है। यह रोग त्वचा, नसों और मांसपेशियों को प्रभावित करता है और लापरवाही करने पर विकलांगता पैदा कर सकता है, लेकिन सही समय पर उपचार शुरू करने से यह रोग पूरी तरह ठीक हो सकता है। कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता के लिए हर साल 30 जनवरी को राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस मनाया जाता है। इसके साथ ही “स्पर्श” अभियान शुरू हो मंगलवार से आरंभ होकर  13 फरवरी तक चलेगा। यह बातें  को कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनएलईपी) की नोडल अधिकारी डा. के सी तिवारी ने कहीं। उन्होंने बताया - इस वर्ष कुष्ठ रोग दिवस की थीम- “भेदभाव का अंत करें सम्मान को गले लगाएं” रखी गई है।

उन्होंने बताया - कुष्ठ रोग दिवस के मौके पर कुष्ठ आश्रम में एक चिकित्सा शिविर का आयोजन कर वहां रह रहे कुष्ठ रोगियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही “स्पर्श” अभियान शुरू होगा जो 13 फरवरी तक चलेगा। “स्पर्श” अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से कुष्ठ रोग के प्रति सही जानकारी लोगों में फैलाई जाएगी और कुष्ठ के प्रति भ्रांतियां को काम किया जाएगा और कुष्ठ के मरीज के प्रति कलंक और भेदभाव की धारणा को रोकने का प्रयत्न किया जाए। डा. प्रेरणा श्रीवास्तव ने बताया - 21 दिसंबर से 5 जनवरी तक घर-घर कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान जिले में कुल 20 कुष्ठ रोगी खोजे गए थे। सभी का उपचार शुरू कर दिया गया है, इसके अलावा 63 रोगी जिले में पहले से उपचार ले रहे हैं।

डा. के सी तिवारी ने बताया - राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत भारत सरकार की ओर से 2027 तक कुष्ठ मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया गया है। यह संकल्प पूरा करने के लिए जन समुदाय का जागरूक होना आवश्यक है। खासकर कुष्ठ रोग को लेकर समाज में व्याप्त गलत धारणाओं को दूर करना जरूरी है। समाज में एक बड़ा मिथ यह है कि कुष्ठ रोग पिछले जन्म के बुरे कर्मों का फल है, ऐसा बिल्कुल भी नहीं है, यह बीमारी बैक्टीरिया के कारण होती है और समय पर पहचान के बाद इसका उपचार संभव है। कुष्ठ रोग के लक्षण नजर आने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर परामर्श लें।

कुष्ठ रोगियों के छूने भर से यह संक्रमण लग जाता है, यह भी एक मिथक है। कुष्ठ रोग संक्रामक तो है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है कि कुष्ठ रोगी के पास से निकलने या हाथ मिलाने से कुष्ठ रोग हो जाता है। इस मिथक के कारण ही कुष्ठ रोगियों को सामाजिक तिरस्कार झेलना पड़ता है।

कुष्ठ रोग के लक्षण

• त्वचा के रंग का हल्का या गहरा होना। 

• प्रभावित हिस्से पर सुन्नपन का अहसास होना।

• शरीर के किसी हिस्से पर गांठ होना।

• भौंहों के बालों का झड़ना या खत्म होना।

• हथेली और पैर के तलवों पर दर्द रहित छाले होना।

• कमीज के बटन बन्द करने में असमर्थ होना।

• हाथ या पैर की उंगलियां टेढ़ी होने लगना।

• हाथ-पैरों की मांसपेशियां कमजोर पड़ने लगना।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts