नया भारत कर रहा कमालः पीएम मोदी

 बोले- देश की बेटियां हर तरफ बना रहीं कीर्तिमान
नई दिल्ली (एजेंसी)।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि नया भारत कमाल कर रहा है। देश की बेटियां हर तरफ अपना परचम लहरा रही हैं। पीएम आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आज के इस रोजगार मेले में जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले हैं, उन सभी को बहुत बहुत बधाई। आप सभी ने कड़े परिश्रम से ये सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस सफलता का आपके जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से कहा कि देश भर में आज गणेश उत्सव की धूम चल रही है। इस पावन काल में आप सभी के नए जीवन का श्रीगणेश हो रहा है। बता दें, रोजगार मेला देशभर के 46 स्थानों पर आयोजित किया गया था।
उन्होंने कहा कि आज हमारा देश ऐतिहासिक उपलब्धियों और फैसलों का साक्षी बन रहा है। कुछ दिन पहले ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में देश की आधी आबादी को बहुत बड़ी ताकत मिली है। 30 वर्षों से महिला आरक्षण का जो विषय लंबित था, वो अब रिकॉर्ड मतों के साथ दोनों सदनों से पास हुआ है। ये निर्णय देश की नई संसद के पहले सत्र में हुआ है। एक तरह से नई संसद में देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है।
आज के इस रोजगार मेले में भी हमारी बेटियों को बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र मिले हैं। आज भारत की बेटियां स्पेस से स्पोर्ट तक अनेक नए कीर्तिमान बना रही है। मुझे नारी शक्ति की इस सफलता पर बहुत गर्व होता है।
आप खुद देख रहे हैं कि नया भारत आज क्या कमाल कर रहा है। ये वो भारत है, जिसने कुछ दिन पहले चंद्रमा पर अपना तिरंगा लहराया है। इस नए भारत के सपने बहुत ऊंचे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts