मेरठ कॉलेज के प्रोफेसर की दिल का दौरा पड़ने से मौत
सुबह व्यायाम के बाद चाय पी रहे थे संजय कुमार
डिफेंस स्टडीज डिपार्टमेंट में लंबे समय दी सेवाएं
मेरठ। गुरूवार को मेरठ कॉलेज में डिफेंस स्टडीज डिपार्टमेंट के प्रोफेसर और प्रेस प्रवक्ता डॉ. संजय कुमार का सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। डॉ. संजय लंबे समय से मेरठ कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे थे। डिफेंस स्टडीज डिपार्टमेंट को ऊंचाईयों तक ले जाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। सुबह अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और अस्पताल तक ले जाते वक्त रास्ते में ही निधन हो गया। प्रोफेसर की अचानक मौत होने से मेरठ कॉलेज शोक की लहर दौड गयी।
मेरठ कॉलेज में डिफेंस स्टडीज डिपार्टमेंट के एचओडी और डॉ. संजय के परममित्र, सहकर्मी डॉ. हेमंत पांडेय ने बताया कि रोजाना की तरह डॉ. संजय सुबह व्यायाम के बाद घर पर बैठे चाय पी रहे थे। तभी अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। पत्नी ने अन्य लोगों को मदद के लिए बुलाया। डॉ. संजय को मेट्रो अस्पताल ले जाने लगे। अस्पताल में जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अचानक हार्टफेल होने से निधन हुआ है। दो दिन पहले भी उनको हार्ट में हल्का पेन हुआ था। अपने पीछे एक बेटी और पत्नी को छोड़ गए हैं। बेटी सोफिया गर्ल्स स्कूल की छात्रा है।
कॉलेज में हुआ शोक सभा का आयोजन
उनके निधन की दुखद खबर सुनकर मेरठ कॉलेज में शोक छा गया। कॉलेज में शोकसभा का आयोजन कर अवकाश घोषित कर दिया गया है। आज जिन छात्रों की परीक्षा है केवल वो परीक्षा हो रही है। कक्षाएं नहीं हो रही।वहीं देर शाम तक डॉ. संजय का छोटा भाई चंडीगढ़ से मेरठ पहुंचेंगे। डॉ. संजय मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले थे। भारत पाकिस्तान संबंध, भारत की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा, इंडिया चाइना बॉर्डर डिस्प्यूट, इंडियन सिक्योरिटी से लेकर सेना से जुड़े तमाम विषयों पर किताबें लिख चुके थे। सीनियर प्रशासनिक अफसर डॉ. अमित घोष सहित सेना के वरिष्ठ अफसरों, रिटायर सैन्य अफसरों को डिफेंस स्टडीज में पीएचडी करा चुके थे।


No comments:
Post a Comment