काकोरी रेल एक्शन दिवस की वर्षगांठ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों को दिलाए पंच प्रणबोले- तिरंगा हमारी शान
लखनऊ (एजेंसी)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी एक्शन कांड की 98वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में बुधवार को मेरी माटी, मेरा देश अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी आन मान शान का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से 13 से 15 अगस्त तक अपनी जगह पर खड़े होकर माटी का वंदन और वीरों का नमन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोग संकल्पित होकर सेल्फी लें और उसे अपलोड करें। साथ ही हर घर तिरंगा भी लहराएं।
मुख्यमंत्री ने काकोरी एक्शन कांड के क्रांतिकारियों के परिवारीजनों को सम्मानित करते हुए यह भी कहा कि 14 अगस्त की तिथि भारत के विभाजन की त्रासदी का दिन था। हम भारत का फिर से विभाजन नहीं होने देंगे। एक भारत श्रेष्ठ भारत का संकल्प हर नागरिक को लेना होगा। उन्होंने कहा कि सभी को अपने नागरिक कर्तव्य का निर्वाहन करना चाहिए। शिक्षक को अध्यापन, छात्रों को अध्यन, सामाजिक कार्यकर्ता को समाज के उत्थान और प्रशासनिक कार्य में लगे लोगों को अपनी दायित्व को ईमानदारी से निभाना होगा। जो भी लोग अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं वह राष्ट्र के साथ धोखा कर रहे हैं।
कर्तव्य और नागरिक दायित्व से समृद्ध और विकसित भारत की कल्पना को साकार किया जा सकता है। भारत की आजादी के बाद अनेक उपलब्धियां हमारे साथ जुड़ी। भारत को गुलाम बनाने वाले ब्रिटेन को पछाड़कर आज हम दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो गए हैं।
No comments:
Post a Comment