विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में करें सहयोग : डा. मनोज
-खांसी जुकाम, बुखार व टीबी के लक्षण व कुपोषित बच्चों की सूची आशा कार्यकर्ता करें तैयार- अभियान के दौरान घरों के बाहर लगाएं स्टीकर
आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम की मासिक बैठक आयोजित
बुलंदशहर, 3 जुलाई 2023। जनपद के पहासू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सभागार में सोमवार को आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित एएनएम की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गये। दस्तक अभियान के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर खाँसी,बुखार टीबी आदि संक्रामक बीमारियों के लक्षणयुक्त मरीजों को खोजेंगी। दस्तक अभियान के दौरान टीम घरों पर स्टीकर लगाने के निर्देश दिये गये।
पहासू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ मनोज कुमार ने बताया -जनपद में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोग अपने घरों के आसपास पानी न भरने दें। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सहयोग करें। ग्राम प्रधानों व समुदाय के लोगों से अपील की कि जनसमुदाय की भी ज़िम्मेदारी है कि वह इस अभियान को सफल बनाने में विभाग का सहयोग करें। अपने घरों के आस पास साफ सफाई का विशेष ख्याल रखें, जिससे कि संक्रामक रोगों से बचा जा सके।
डॉ मनोज कुमार ने बताया जनपद में 1 से 17 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। दस्तक अभियान में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। अभियान के दौरान खाँसी, बुखार से ग्रसित लोगों की सूची, टीबी मरीजों व कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनकी सूची बनायी जाएगी। आशा –आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दस्तक अभियान के दौरान लक्षण युक्त मरीजों के घर स्टीकर लगाएंगी। इसके साथ ही लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के बारे में जागरूक करेंगी।
No comments:
Post a Comment