कलाकार नूरजहाँ को सुभारती विश्वविद्यालय ने किया सम्मानित


मेरठ। मुँह में पेन दबाकर प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का हूबहू चित्र उकेरने वाली विलक्षण प्रतिभा की धनी नूरजहाँ को सुभारती विश्वविद्यालय ने सम्मानित किया।
बदायूँ ज़िले के विजय नंगला गाँव निवासी महमूद की तीन बेटियों में सबसे छोटी बेटी नूरजहाँ जिन्हें सारी दुनिया उनके विशिष्ट हुनर के लिए जानती है। उनका स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय आगमन पर अभिनन्दन किया गया।

सुभारती विश्वविद्यालय में अपने पिता एवं दो बड़ी बहनों के साथ पधारी कलाकार नूरजहाँ का भव्य स्वागत सत्कार किया गया। विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज ने नूरजहाँ एवं उनके परिवार को पटका पहनाकर स्वागत किया तथा प्रशस्ति पत्र एवं नगद धनराशि देकर सम्मानित किया।
 
मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज ने कहा कि सीमित संसाधनों में अपनी प्रतिभा से देश दुनिया को बेटी नूरजहाँ ने गौरवान्वित किया है। इसके लिये वह सम्मान की पात्र है एवं नूरजहाँ उन लोगो के लिए मिसाल है, जो साधनों की कमी का अफ़सोस करते रहते है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय की ओर से नूरजहाँ एवं उनकी बहनों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा कलाकार नूरजहाँ एवं उनकी बहनों को ये प्रस्ताव दिया गया कि वो जब चाहे अपनी उच्च शिक्षा के लिए सुभारती में प्रवेश प्राप्त कर सकती है। उनकी शिक्षा दीक्षा भोजन आवास इत्यादि का संपूर्ण खर्च सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा उठाया जाएगा साथ ही साथ नूरजहाँ को यह भी प्रस्ताव दिया गया कि वह अपनी शिक्षा पूरी करने के उपरांत सुभारती फ़ाइन आर्ट संस्थान में बच्चों को अपने हुनर से तराशने का कार्य भी कर सिखा सकती है।

नूरजहाँ के पिता महमूद ने उनकी बेटी को प्रोत्साहित करने के लिए सुभारती परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगद धनराशि एवं प्रोत्साहन से उनकी बेटियों का हौसला और अधिक बढ़ेगा एवं भविष्य में वो सुभारती परिवार का हिस्सा अवश्य बनना चाहेगी।

कार्यक्रम संयोजक संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि कलाकार नूरजहाँ ने एक साथ आठ पेन लकड़ी में बांधकर एक साथ आठ पेंटिंग बनाने, मुँह में पेन पकड़कर एक साथ कई चित्र बनाने, पैर की सहायता से चित्र बनाने जैसे अनेक हैरतंगेज़ कारनामे करके कीर्तिमान स्थापित किए है। उन्होंने बताया कि नूरजहाँ एवं उनके परिवार को सुभारती प्रांगण का भ्रमण कराया गया। इसके साथ ही सुभारती फ़ाइन आर्ट कॉलेज में नूरजहाँ ने लाइव पेंटिंग प्रस्तुत की एवं सुभारती संस्कृति विभाग के महाभोज शिविर में लोगो को भोजन कराया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts