चिलचिलाती धूप ने छुड़ाए पसीने
- दिल्ली के कई इलाकों में पारा 44 के करीबनई दिल्ली (एजेंसी)।दिल्ली-एनसीआर में चिलचिलाती धूप के साथ तेज गर्मी पसीने छुड़ा रही है, लेकिन अब 15 से 19 जून तक हल्की बारिश व तेज हवाएं तेज गर्मी से राहत दिलाएगी। इस दौरान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा अधिकतम तापमान भी 38 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बारिश की स्थिति बनेगी। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 41.8 व न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में दूसरी बार इतना अधिक तापमान गया है। इससे पहले 10 जून को तापमान इतना रहा था।
सर्वाधिक गर्म इलाका स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का रहा। यहां अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही ज्यादा रहे। अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 34 डिग्री दर्ज हुआ। पीतमपुरा में तापमान 44.4 व न्यूनतम तापमान 33.7, नजफगढ़ में 44.1 व न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुंगेशपुर में 43.4, रिज में 42.9, आयानगर में 42.8, जाफरपुर में 42.6 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रादेशिक मौसम विभाग में उपमहानिदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 14 जून को तापमान अधिक रहने के बाद 15 जून से गिरावट शुरू होगी। ऐसा 15 व 16 जून व 18-19 जून को बारिश होने के कारण होगा।


No comments:
Post a Comment