बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में गोलीबारी का मामला
सेना के जवान ने ही की थी अपने चार सहयोगियों की हत्याबठिंडा (एजेंसी)। पंजाब के बठिंडा सेना स्टेशन में पिछले सप्ताह चार जवानों की मौत का मामला सुलझा लिया गया है और आरंभिक जांच में यह पता चला है कि सेना के संतरी ने ही अपने चार सहयोगियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी गनर देसाई मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह अभी पुलिस की हिरासत में है।
सेना की दक्षिण पश्चिमी मुख्यालय कमान ने सोमवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि गत 12 अप्रैल को देसाई मोहन ने ही अपने चार सहयोगियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गहन पूछताछ के दौरान देसाई मोहन ने माना है कि उसने इंसास राइफल चुराई थी और उसका इस्तेमाल अपने चार सहयोगियों को मारने के लिए किया था। आरंभिक पूछताछ में पता चला है कि उसने व्यक्तिगत कारणों अथवा दुश्मनी के चलते इस कृत्य को अंजाम दिया।
अपने कबूलनामे में देसाई मोहन ने माना है कि उसने नौ अप्रैल को भरी हुई मैगजीन के साथ राइफल चुराई थी और फिर उसे छिपा दिया था। गत 12अप्रैल को जब वह संतरी की ड्यूटी पर था तो राइफल ले आया और पहली मंजिल पर सो रहे चारों जवानों को गोली मारी थी। इसके बाद उसने राइफल को सीवेज पिट में डाल दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है।
देसाई मोहन ने 12 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराते समय कहा था कि उसने सिविल कपड़ों में दो लोगों को राइफल और कुल्हाड़ी लेकर जाते हुए देखा था। उसने यह बयान जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए दिया था। वह फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।


No comments:
Post a Comment