महाराष्ट्र के सीएम-डिप्टी सीएम पहुंचे राम की नगरी

 किए रामलला के दर्शन, लिया आशीर्वाद

लखनऊ।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंच गए हैं। उनके साथ महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस भी अयोध्या आए हैं।
लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना होते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'भगवान राम का आशीर्वाद हमारे साथ है और इसलिए हमें धनुष और तीर का प्रतीक मिला है।' महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि आज रामलला के दर्शन के लिए मैं अयोध्या जा रहा हूं। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ा रहा हूं। सभी कारसेवाओं में मैं उपस्थित रहा हूं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार को पूर्वान्ह राम नगरी पहुंचे। सरयू तट पर बने अस्थाई हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरते ही हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों ने अपने नेता का जमकर स्वागत किया। यहां से वे कुछ ही फासले पर स्थित महंत रामचंद्र दास परमहंस की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गए।
इस मौके पर उनके साथ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं उनके सांसद पुत्र श्रीकांत शिंदे सहित महाराष्ट्र सरकार के अनेक मंत्री भी थे। यहां महंत रामचंद्र दास परमहंस के शिष्य आचार्य नारायण मिश्र ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों को उत्तरीय भेंट कर उनका स्वागत किया। मंदिर आंदोलन के अग्रणी नायकों में शुमार रहे महंत रामचंद्र दास परमहंस के प्रति आस्था अर्पित करने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का काफिला राम जन्मभूमि की ओर उन्मुख हुआ। यहां से मुख्यमंत्री शिंदे पैदल ही समर्थकों के साथ आगे बढ़े। बाद में गाड़ियों के काफिले के साथ गेट नंबर तीन से राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश किया।
यहां पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। शिंदे के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में शिवसैनिक अयोध्या पहुंचे हैं। हनुमानगढ़ी पर शिवसैनिकों में जबरदस्त उत्साह रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts