सीएमओ ने पीएचसी कस्तला से दस्तक अभियान का शुभारंभ किया
- गांव में निकाली गई जागरूकता रैली
साफ-सफाई रखकर संचारी रोगों से किया जा सकता है बचाव : सीएमओ
हापुड़, 17 अप्रैल, 2023। जनपद में एक अप्रैल से चल रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत सोमवार को दस्तक अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. सुनील कुमार त्यागी ने पंडित नंद किशोर शर्मा मेमोरियल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कस्तला - कासमाबाद से दस्तक टीम रवाना कर दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर गांव के बच्चों को साथ लेकर एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। सीएमओ डा. सुनील कुमार त्यागी, पब्लिक हेल्थ कंसलटेंट (पीएचसी) डा. प्रेरणा श्रीवास्तव और एपिडेमियोलॉजिस्ट डा. राशि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस रैली को रवाना किया।
इससे पहले दस्तक टीम को रवाना करते हुए सीएमओ डा. सुनील कुमार त्यागी ने कहा - दस्तक अभियान के दौरान हर घर में जाएं। प्रयास करें कि घर के सभी सदस्यों से बात हो। सभी के स्वास्थ्य के बारे में जानें और उसी के मुताबिक लाइन लिस्टिंग करते हुए नियमित फॉर्मेट पर रिपोर्टिंग करें। जनपद में कोविड के मामले सामने आ रहे हैं, लिहाजा आईएलआई (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस) यानि सर्दी-खांसी और बुखार वाले रोगियों की कोविड जांच कराएं। दो सप्ताह से अधिक खांसी वाले रोगियों की टीबी जांच कराएं।
इसके साथ ही घर में जाकर यह भी देखें कि कहीं जल जमाव के कारण मच्छर जनित परिस्थितियां तो मौजूद नहीं हैं। यदि ऐसा है तो मलेरिया विभाग को सूचित करें ताकि एंटी लार्वा छिड़काव या फॉगिंग कराई जा सके। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) सतेंद्र कुमार ने दस्तक टीम को बताया- घर के जिम्मेदार लोगों से बात कर उन्हें मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दें। अभियान के दौरान सभी को साफ-सफाई के लिए प्रेरित करें। उन्हें बताएं कि संचारी रोगों से बचाव के लिए घर के आसपास साफ-सफाई के साथ-साथ साबुन-पानी से हाथों की सफाई करते रहना भी जरूरी है।


No comments:
Post a Comment