बूथ तक दिखे सामाजिक मजबूती - धर्मपाल  सिंह 

 निकाय चुनाव में पार्टी  कार्यकत्ताओं में दम भरने  के लिए पहुंच भाजपा के प्रदेश महामंत्री 

मेरठ।   प्रदेश में निकाय  चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले बीजेपी सामाजिक दृष्टिकोंण से खुद को मजबूत बनाने में जुट गई है। चुनाव से पहले भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह रविवार को मेरठ पहुंचे। संगठन महामंत्री बनने के बाद धर्मपाल सिंह की मेरठ में पहली बड़ी बैठक थी। जिसमें उन्होंने सीधे पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ लिया। संगठन महामंत्री ने बैठक में विधायकों से लेकर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट तौर पर वर्क हार्ड का संदेश दिया है। माना जा रहा है कि भाजपा पश्चिमी यूपी से ही निकाय चुनाव का शंखनाद करेगी। ऐसे में पार्टी ने वोटर से बूथ तक ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। इसके तहत ही संगठन महामंत्री ने पश्चिम क्षेत्र की अहम बैठक बुलाकर कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव पर मंत्रणा की है।

 संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से स्पष्ट कहा कि अब यूपी में ट्रिपल इंजन सरकार बनानी है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार है। इस डबल इंजन को अब ट्रिपल इंजन सरकार बनाना है। ताकि उत्तर प्रदेश के हर नगर निगम और पंचायत तक विकास की धारा प्रबल हो। इसके लिए हर किसी को जुटना होगा। पदाधिकारियों के पेंच भी कसते हुए उन्होंने यह भी संदेश दिया कि घर में बैठकर टिकट चाहने वालों की नहीं चलेगी। पार्टी में वही चलेगा जो धरातल पर काम करेगा। बातों बातों में यह भी जताया कि चुनाव का वक्त यानि काम का वक्त है। हर किसी की रिपोर्ट तैयार है।

संगठन महामंत्री ने सभी मोर्चा प्रमुखों से कहा कि जल्द से जल्द अपने मोर्चों के सम्मेलन करा लें। उन्होंने महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के काम पर सबसे ज्यादा फोकस करने को कहा। चुनाव से पहले सभी मोर्चे घर-घर जाकर संपर्क करें। जनता को सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों के बारे में बताएं। कहा हर भाजपा कार्यकर्ता का जनता से सीधे संवाद, संपर्क होना चाहिए।

भाजपा निकाय चुनाव में सामाजिक आधार को शस्त्र बना रही है। ऐसे में संगठन महामंत्री ने निकाय चुनाव से पहले हर बूथ को सामाजिक आधार पर मजबूत बनाने की बात भी कही। कहा कि बूथ कमेटी सामाजिक आधार पर बननी चाहिए बूथ पर रहने वाले प्रत्येक समाज का प्रतिनिधित्व बूथ कमेटी में दिखना चाहिए। जातीय समीकरणों को साधते हुए बूथ कमेटियों पर काम किया जाए। ताकि हर समाज का प्रतिनिधित्व बूथ पर नजर आए। ताकि हर वर्ग का वोटर भाजपा के साथ खड़ा हो।

बैठक भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी बागपत रोड में हुई। मन की बात के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, सदस्य विधान परिषद विजय बहादुर पाठक ने कहा कि मन की बात के कार्यक्रम की योजना को हम अपनी कार्य पद्धति में ले आए हैं। बैठक में पश्चिमी प्रभारी सतेंद्र सिसोदिया, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनिवाल, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. विकास अग्रवाल सहित सभी जिलाध्यक्ष, 71 विधायक, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र नागर, मोहित बेनीवाल, सुनीता दयाल, सतपाल सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ चंद्रमोहन, अमित बाल्मीकि प्रदेश सरकार में मंत्री गुलाबो देवी, कपिल देव अग्रवाल, सोमेंद्र तोमर क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, हरिओम शर्मा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी, गजेंद्र शर्मा सहित जिलाध्यक्ष जिला प्रभारी विधायक एवं विधानसभा प्रत्याशी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts