पुलिस लाइन में होगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा अभियान
अभियान को सफल बनाने के लिए विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का किया जा रहा है संवेदीकरण


मेरठ, 29 मार्च 2023। आगामी एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान पूरी तरह से सफल रहे इसके लिए संबंधित विभागों के कर्मचारियों व अधिकारियों का संवेदीकरण मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देशन में किया जा रहा है। अभियान में यूनिसेफ डब्ल्यूएचओ, एंबेड की अहम भूमिका होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया - अप्रैल माह में चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जा चुका है। सभी विभागों के माइक्रो प्लान के माध्यम से दिशा निर्देश दिए गए हैं ताकि उनकी मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने बताया - अभियान का शुभारंभ नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (यूपीएचसी) पुलिस लाइन में किया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया - अभियान में एनसीसी कैडेट, शहरी क्षेत्र की आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ता, एंबेड परियोजना, पशुपालन विभाग, नगर निगम प्रचार वाहन, क्षय रोग विभाग समेत 12 विभागों के अधिकारी सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया -दस्तक अभियान के लिए 2022 टीमों का गठन किया गया है, जो घर-घर जाकर मच्छर जनित बीमारियों और टीबी से संबंधित की सूचनाएं एकत्रित करेंगी। सबसे ज्यादा ध्यान मलिन बस्तियों पर रहेगा जहां पर फॉगिंग एंटी लारवा स्प्रे झाड़ियों की कटाई, उथले हैंडपंपों को चिन्हित किया जाएगा।
उन्होंने बताया - संचारी रोग अभियान को सफल बनाने के लिए 24, 25 मार्च को सभी प्रधानाचार्यों का संवेदीकरण कर दिया गया है। अपर नगर आयुक्त एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी व मलेरिया अधिकारी की ओर से निगम के कर्मचारियों का संवेदीकरण 22 मार्च को किया जा चुका है। जिले के सभी ब्लाक खंड ग्राम प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी का खंड विकास अधिकारियों की ओर से संवेदीकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया - नगर पालिका व नगर पंचायतों में वहां के कर्मचारियों का संवेदीकरण अधिशासी अधिकारी कर चुके हैं। शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का संवेदीकरण कराया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts