बीएमसी मुख्यालय में राजनीतिक दलों के दफ्तर सील

 शिंदे और ठाकरे गुटों के बीच झड़प के बाद कार्रवाई
मुंबई (एजेंसी)।
बृहन्मुंबई नगर निगम प्रशासन ने प्रतिद्वंद्वी शिवसेना गुटों के बीच आमने-सामने होने के बाद यहां बीएमसी मुख्यालय में सभी राजनीतिक दलों के कार्यालयों को सील कर दिया है।
नगर आयुक्त इकबाल सिंह चहल, जो बीएमसी के प्रशासक भी हैं, ने गुरुवार को इस घटना के बारे में समाचार एजेंसी से विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि बीएमसी ने बुधवार को नागरिक मुख्यालय में हुई घटना के बाद मुंबई पुलिस के निर्देश पर यह कदम उठाया है जिसके तहत भूतल पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यालयों को सील कर दिया गया।
बता दें कि उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुटों का बुधवार शाम दक्षिण मुंबई स्थित निकाय मुख्यालय में आमना-सामना हो गया था। पुलिस के हस्तक्षेप करने तक परिसर में एक घंटे तक तनाव बना रहा।
इन पार्टियों के दफ्तर सील
शिंदे के नेतृत्व वाली बालासाहेबंची शिवसेना की प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने कहा कि निकाय प्रशासन ने निकाय मुख्यालय में शिवसेना, कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी के कार्यालयों को सील कर दिया है। एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने कहा कि जब वे गुरुवार सुबह कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने बीएमसी मुख्यालय के भूतल पर स्थित अपने पार्टी कार्यालय को सील पाया।
बीएमसी कार्यालय में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच झड़प
वहीं, बुधवार को दक्षिण मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय में स्थित पार्टी दफ्तर में शिवसेना के दोनों गुट आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे गुट के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, लेकिन परिसर में एक घंटे तक तनाव बना रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts