कार्तिक मेला में तैनात रहेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीम 

- नौ एम्बुलेंस के साथ 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं 

- श्रद्धालुओं को संचारी रोग के प्रति किया जा रहा  जागरूक

बुलंदशहर, 4 नवंबर 2022। जनपद के अनूपशहर में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर गंगा घाट पर लगने वाले मेला में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली हैं। मेला में विभाग के नौ चिकित्सक टीम के साथ 24 घंटे मौजूद रहेंगे। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ)  डा. विनय कुमार सिंह ने दी।

डा. विनय कुमार सिंह ने बताया अनूपशहर में सात व आठ नवंबर को कार्तिक मेला का आयोजन होगा। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवा  उपलब्ध कराने के लिए नौ चिकित्सक टीम के साथ 24 घंटे मौजूद रहेंगे। मेला में नौ एम्बुलेंस भी तैनात की गयी हैं,  जिसमें पांच एम्बुलेंस को रिजर्व में रखा जाएगा।  मेला के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है। 

गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मेला लगता है।  मेला में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट पर शिविर में रहते हैं। मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। डा. सिंह ने बताया बदलते मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इन दिनों मलेरिया और डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं। मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए मेला परिसर में फॉगिंग कराई जा रही है। मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को लगातार मच्छरों से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को बताया जा रहा है कि मलेरिया, डेंगू एवं चि‌कनगुनिया मच्छर जनित बीमारियां हैं। मलेरिया एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर शाम से लेकर सुबह तक काटता है। डेंगू और चिकनगुनिया एडीज मच्छर के काटने से होता है। यह मच्छर दिन में काटता है और इकठ्ठा हुए साफ पानी में पनपता है। 

सीएमओ ने आमजन को भी डेंगू से बचाव के लिए हिदायत दी है कि मच्छरों से बचाव के लिए पानी जमा न होने दें। पानी की टंकी को पूरी तरह ढककर रखें। नालियों में जलभराव न होने दें, उनकी नियमित रूप से सफाई करें। मच्छर रोधी उपाय अपनाएं। रात में सोते समय नियमित रूप से मच्छरदानी का प्रयोग करें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। पीने के पानी को उबालकर और छानकर पिएं। पानी को अच्छे से ढककर रखें। खुले में शौच न करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts