गर्भवती के खानपान का ध्यान रखना जरूरी : बेबी रानी मौर्य

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों को पोषण के बारे में जागरूक करें

कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने के निर्देश



शामली, 8 सितंबर 2022। महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सभी लाभार्थियों को पोषण के बारे में जागरूक करें, क्योंकि यदि महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तो सम्पूर्ण समाज स्वस्थ रहेगा। उन्होंने कहा-गर्भवती के खानपान का विशेष तौर पर ध्यान रखना चाहिए। उन्हें प्रोटीन से भरपूर भोजन लेना चाहिए। बेबी रानी मौर्य बृहस्पतिवार को यहां विकास खण्ड थानाभवन में आयोजित बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में शरीक होने पहुंची थीं। उनके साथ ग्राम्य विकास,समग्र ग्राम विकास एवं ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग की राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम भी कार्यक्रम में शरीक हुईं।

बेबी रानी मौर्य ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बनायी गयी रेसिपी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समूह बनाकर प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वह लाभार्थियों को अधिक से अधिक जागरूक कर सकें। उन्होंने कार्यक्रम में सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलायी जा रही अनेक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर बेहतर तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। सरकार द्वारा संचालित पोषण ट्रैकर ऐप पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी प्रतिदिन की गतिविधियों के साथ आधार फीडिंग भी शीघ्रता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया - पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से पोषाहार लाभार्थियों का डाटा ऑनलाइन रहता है, जो उसे पारदर्शी बनाता है। कार्यक्रम के समापन के उपरांत मंत्री ने पोषण रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बैनर,पोस्टर व तख्ती लेकर रैली निकालकर लोगों को पोषण स्तर को उच्च बनाने के लिए तथा स्वस्थ रहने के लिए खानपान के बारे जागरूक किया गया।

 इसके बाद दोनों मंत्रियों ने विकास खण्ड थाना भवन के ग्राम निराला उर्फ मारूखेडी के आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा आंगनबाड़ी केन्द्र पर उपस्थित बच्चों से भी वार्ता की। उन्होंने केन्द्र पर रखे गये खिलौनों की प्रशंसा की। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाई गई उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और उनकी प्रशंसा की। इस अवसर पर एमएलसी वीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सतेन्द्र तोमर जिलाधिकारी जसजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी शम्भुनाथ तिवारी, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार शलैन व्यास, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाबर खान तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts