सुभारती विश्वविद्यालय‘‘मदरलैंड अवार्ड‘‘ से सम्मानित


मेरठ। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के सभागार में युग संस्कृति न्यास एवं भागीदारी जन सहयोग समिति के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय को ‘‘मदरलैंड अवार्ड‘ देकर सम्मानित किया गया।


यह सम्मान सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय संस्कृति का संरक्षण करने हेतु विश्वविद्यालय की कुलाधिपति पूर्व आईएएस श्रीमती स्तुति नारायण कक्कड को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री बापू देवदास आपटे, युग संस्कृति न्यास के संस्थापक धर्मवीर आचार्य, झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव श्री एन.एन. पांडे एवं भागीदारी जन सहयोग समिति के सेक्रेट्री जनरल विजय गौड़ ने प्रदान कर सम्मानित किया।

 

कुलाधिपति पूर्व आईएएस श्रीमती स्तुति नारायण कक्कड ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए युग संस्कृति न्यास एवं भागीदारी जन सहयोग समिति को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सुभारती विश्वविद्यालय के आदर्शों का सम्मान है। उन्होंने बताया कि सुभारती विश्वविद्यालय भारतीय संस्कृति एवं इतिहास को संरक्षित करने के साथ शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रीयता के भाव से देशहित में कार्य कर रहा है। उन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा संस्कृति, पर्यावरण, सामाजिक एकता, शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में किये जा रहे उत्कृष्ट कार्यो से सभी को रूबरू कराया।


सम्मान मिलने पर सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डा. जी.के थपलियाल ने विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सम्मान हमेशा परिश्रम से कार्य करके एक दूसरे के सहयोग करने से मिलता है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय देश के महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर अपने विद्यार्थियों का ज्ञान वर्धन कर रहा है। उन्होंने मदरलैंड सम्मान को देश के महापुरुषों को समर्पित करते हुए सभी से राष्ट्रहित में कार्य करने की अपील की।


सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा.शल्या राज ने सम्मान मिलने पर हर्ष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय संस्कृति एवं ज्ञात अज्ञात महापुरुषों की गाथा को विद्यार्थियों में रोपित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय गुणवत्ता युक्त शिक्षा के साथ अपने विद्यार्थियों का ज्ञान वर्धन कर रहा है ताकि सभी विद्यार्थी योग्य बनकर देशहित में कार्य कर सके।


सुभारती लॉ कॉलिज के डीन डा. वैभव गोयल भारतीय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सुभारती ग्रुप राष्ट्र को समर्पित होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के सहयोग से सुभारती लॉ कॉलिज के विधिक विशेषज्ञ निःशुल्क कानूनी सहायता क्षेत्रवासियों को उपलब्ध करा रहे है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी कार्य कर रहा है।

 

इस अवसर पर आईपीएस जे.पी.सिंह, सुभारती लॉ कॉलिज के डीन डा. वैभव गोयल भारतीय सहित देशभर के शिक्षाविद, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts