संचारी रोगों पर नियंत्रण की कवायद तेज, हाई रिस्क गावों में बढ़ाईं गतिविधियां


स्कूली बच्चों को वेक्टर जनित रोगों के बारे में किया जा रहा जागरूक


सभी के सहयोग से संचारी रोगों पर पाया जा सकेगा काबूः जिला मलेरिया अधिकारी


मुजफ्फरनगर, 5 जुलाई 2022। मलेरिया इंस्पेक्टर संध्या जोशी के नेतृत्व में ब्लॉक पुरकाजी के हाई रिस्क गांव हरी नगर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं के साथ एंटोंमोलॉजिकल सर्वेक्षण, कंटेनर सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन तथा स्कूली छात्रों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव संबंधी स्वास्थ्य शिक्षा आदि गतिविधियां आयोजित हुईं। इस दौरान मलेरिया इंस्पेक्टर, आशा कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, अध्यापक आदि उपस्थित रहे।


मलेरिया इंस्पेक्टर संध्या जोशी ने बताया-संचारी रोग अभियान के तहत मंगलवार को ब्लॉक पुरकाजी में कई गतिविधियां आयोजित हुईं, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं के साथ एंटोंमोलॉजिकल सर्वेक्षण, कंटेनर सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन किया गया। इसके साथ ही राजकीय हाई स्कूल हरिनगर ब्लॉक पुरकाजी में स्कूली बच्चों को वेक्टर जनित रोगों के बारे में जानकारी दी गयी और बचाव के तरीकों से अवगत कराया गया। इस दौरान बच्चों को साफ-सफाई के बारे में भी जानकारी दी गई।


जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया- संचारी रोग अभियान के तहत जिले में तमाम गतिविधियां की जा रही है। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन जागरण अभियान में स्थानीय एएनएम तथा आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मियों का भी सहयोग लगातार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से संचारी रोगों पर काबू पाया जा सकेगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने आस-पास व घरों में पानी इकट्टा न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें। इससे बीमारियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।


उन्होंने बताया -संचारी रोग अभियान के तहत 16 जुलाई से दस्तक अभियान शुरू होगा, जिसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को जागरूक करेंगी और रोगियों की सूची तैयार कर विभाग को सौंपेगी। साथ ही दस्तक अभियान के तहत लोगों को घरों व आस-पास साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक करेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts