शिवसेना के 53 विधायकों को व्हिप उल्लंघन पर नोटिस

मुंबई (एजेंसी)।
महाराष्ट्र विधानमंडल सचिवालय ने शिवसेना के 53 विधायकों को व्हिप उल्लंघन पर नोटिस जारी किया है। विधि मंडल सचिव राजेंद्र भागवत ने नोटिस जारी कर सभी से 7 दिन के भीतर जवाब मांगा है।
विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव और एकनाथ शिंदे के विश्वासमत प्रस्ताव के बाद शिवसेना और शिंदे गुट ने एक- दूसरे के विधायकों पर व्हिप उल्लंघन के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए विधानसभा सचिवालय को पत्र लिखा था। पत्र में शिवसेना के चीफ व्हिप सुनील शिंदे ने 40 विधायकों और शिंदे गुट के चीफ व्हिप भरत गोगावले ने 13 विधायकों पर व्हिप उल्लंघन का आरोप लगाया था।
इस बीच बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह महाराष्ट्र सरकार का मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा था कि वह उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ विचार-विमर्श के बाद अगले सप्ताह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। साथ ही उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा करने और भाजपा के साथ गठबंधन में अगला चुनाव जीतने का भी भरोसा जताया था। उनका यह बयान दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के बाद आया।
इससे पहले विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नरहरि झिरवल ने शिंदे गुट के 16 विधायकों पर पार्टी विरोधी काम करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। शिंदे गुट ने इस नोटिस को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस पर 11 जुलाई को सुनवाई होनी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts