गर्मी से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी जरूरी : डा. अवनीश कुमार

- नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें, शरीर में पानी की कमी न होने दें

- उल्टी-दस्त होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक से परामर्श लें


मुजफ्फरनगर, 17 मई, 2022। गर्मी में अतिरिक्त सावधान रहने ही जरूरत है। शरीर को हाईड्रेट रखने के लिए पानी पीते रहें। दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। यदि निकलना ही पड़ें तो पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और पानी अपने साथ रखना न भूलें। यह बातें खतौली ब्लॉक प्रभारी व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार ने कहीं। उन्होंने बताया तापमान अधिक होने के कारण चिकित्सालय में डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) के मरीज बढ़ गए हैं। तापमान अधिक होने के कारण गर्म हवा (लू) से शरीर में पानी की कमी होने का खतरा हो जाता है। बच्चों और बुजुर्गों को इससे ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है। लू लगने से उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत सामने आ रही हैं। ऐसा होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं। डा. अवनीश का कहना है शरीर में पानी की कमी होने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें और शरीर में पानी का स्तर बनाए रखें। लू लगने से उल्टी- दस्त यानि डायरिया की स्थिति बन जाती है और कई बार उल्टी - दस्त शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) होने की वजह बन जाते हैं, ऐसे में लापरवाही खतरनाक हो सकती है। इसलिए उल्टी -दस्त होने पर तत्काल ओआरएस का घोल का सेवन शुरू कर दें। यदि घर में ओआरएस न हो तो हल्का सा नमक और चीनी का घोल तैयार कर पिलाएं और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक से संपर्क करें। लू से बचाव के लिए बच्चों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने दें और नियमित अंतराल पर पानी पिलाते रहें।स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। 

डिहाइड्रेशन के लक्षण -

- ज्यादा देर तक पेशाब न आना

- सिर दर्द होना, चक्कर आना।

- त्वचा व नाक का खुश्क हो जाना

- ज्यादा पसीना आना, मांसपेशियों में ऐंठन व कमजोरी

- उल्टी आना, ब्लड प्रेशर बढ़ना, बेहोशी आना।

ऐसें करें बचाव

- तेज धूप में बाहर जाने से बचें

- धूप में शरीर को अच्छे से ढककर निकलें

- गहरे रंग के कपड़े पहनने से परहेज करें

- पानी और तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा करें।

- खाली पेट घर से न निकलें

No comments:

Post a Comment

Popular Posts