कीव के पास मिले नागरिकों के शव

नरसंहार और बर्बरता के भी सबूत
अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी ने की कड़ी निंदा
कीव (एजेंसी)।
यूक्रेन की राजधानी कीव के पास के क्षेत्र बूचा समेत अन्य कस्बों और गांवों में नागरिकों के शव मिलने व नरसंहार के साथ बर्बरता के सबूत मिले हैं। इसके बाद से यूक्रेन में रूसी सेना की आलोचना व निंदा तेज हो गई है। अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी ने इसे गंभीर युद्ध अपराध मानते हुए रूस की कड़ी निंदा की है जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस नरसंहार के लिए रूस की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उस पर और प्रतिबंध बढ़ाने की मांग की है। हालांकि रूस ने नागरिकों की सामूहिक हत्या में उसके सैनिकों के हाथ होने से इनकार किया है।
कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाके खाली करते हुए रूसी सेना यूक्रेन के उत्तर से निकल गई है लेकिन रविवार को पूर्वी यूक्रेन और यूक्रेनी बंदरगाहों पर रूसी हमले जारी रहे। शनिवार को रूसी सेना ने कीव के आसपास का इलाका खाली किया है। उसके बाद जैसे ही वहां पर यूक्रेन की सेना पहुंची तो बूचा कस्बे और कुछ अन्य इलाकों में नागरिकों के शव मिले। बूचा में करीब तीन सौ लोगों की सामूहिक कब्र होने का पता चला। क्षेत्र में बारूदी सुरंगें भी बिछी मिलीं, जिसके चलते आगे बढ़ते यूक्रेनी सैनिकों को विस्फोटों का सामना करना पड़ा। रूसी सेना की वापसी के बाद कीव के आसपास का इलाका अब पूरी तरह से यूक्रेन सरकार के कब्जे में आ गया है।
शवों पर रूसी सैनिकों की बर्बरता के निशान
कई स्थानों पर आमजनों की लाशें मिली हैं, जिन पर रूसी सैनिकों की बर्बरता के निशान हैं। कई जगहों पर लोगों के हाथ पीछे बांध कर गोली मारी गई है। इससे लोगों में गुस्सा है। यूक्रेन की उप विदेश मंत्री हन्ना मालियार ने हालात के जल्द सामान्य होने की संभावना जताई है। उल्लेखनीय है कि तुर्की में हुई वार्ता के दौरान रूस ने कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाकों से सेना हटाने की घोषणा की थी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना के निशाने पर देश का पूर्वी और दक्षिणी इलाका है। वह इन्हीं दोनों इलाकों पर कब्जा करना चाह रही है। हमारा लक्ष्य अपनी जमीन को दुश्मनों से बचाना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts