मथुरा में सनसनीखेज वारदात

 दुष्कर्म के बाद किशोरी को छत से फेंका
- पुलिस ने युवक को लिया हिरासत में

आगरा।
मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के छटीकरा इलाके में स्थित एक गांव में गुरुवार रात दो बजे एक किशोरी के साथ गांव के युवक ने दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी को छत से धक्का दे दिया। गंभीर हालत में किशोरी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की तहरीर पर युवक और उसके दीदी-जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। किशोरी के पिता ने पुलिस के सामने किशोरी को छत से फेंकने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार छटीकरा इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति रियल एस्टेट कारोबारियों को कंक्रीट आदि की आपूर्ति करते हैं। गुरुवार-शुक्रवार की रात दो बजे वह अपने घर गए तो उनकी 16 वर्षीय बच्ची गायब थी। काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। इस पर पिता ने पुलिस को सूचना दे दी। रात में पीआरवी भी पहुंच गई। पिता ने बताया कि पुलिसकर्मी उनके मकान की सीढ़ी तक पहुंचे ही थे कि तभी गांव में रहने वाले अनिल ने उनकी बेटी को छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। किशोरी को पुलिस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किशोर पर लगाया आरोप
पिता ने जैंत थाने में अनिल के खिलाफ दुष्कर्म कर छत से फेंके जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। छत से फेंकने की साजिश में अनिल के जीजा श्रीशचंद्र और दीदी नीतू को भी नामजद किया गया है। पुलिस अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया
एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि पीआरवी के सिपाही परिजनों के साथ किशोरी की तलाश कर रहे थे, इसी बीच बाहर गिरने की आवाज आई। पुलिस के सामने छत से नहीं फेंका गया है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी की स्थिति अब पहले से ठीक है, उसके भी बयान दर्ज किए जाएंगे। किशोरी और आरोपी के मकान बिल्कुल पास में हैं। वह गिरी है या फेंकी गई है, इसकी जांच की जा रही है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
------------------

No comments:

Post a Comment

Popular Posts