इत्र नगरी कन्नौज में प्रधानमंत्री का कड़ा तंज

यूपी को नहीं चाहिए गर्वंमेंट ऑफ दा फैमिलीः पीएम मोदी

कन्नौज।इत्रनगरी में चौथी बार आए प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से एक और बात साफ की है कि दो दिन से घोर परिवारवादियों को सपने दिखना बंद हो गए हैं। पता है क्यों, इसलिए कि उनकी नींद हराम हो गई है। वो लोग सोच रहे थे कि जातिवाद और संप्रदायवाद फैलाकर वोटों को बांट देंगे। लेकिन, मुझे खुशी है कि यूपी के लोग माफियावादियों और दंगावादियों के खिलाफ एकजुट होकर वोट कर रहे हैं। ये एकजुटता ही दंगावाद से मुक्ति के पक्ष में है, ये एकजुटता कानून व्यवस्था के पक्ष में है, ये एकजुटता महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के पक्ष में है।
पीएम मोदी शनिवार की दोपहर कन्नौज की तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में अन्नूर्पणा मंदिर परिसर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी हमे कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है, यूपी जिस तरह से योगी जी की सरकार ने दंगों को रोका है, उसे हमे स्थायी स्वरूप देना है। दोबारा ऐसी हरकतों को उत्तर प्रदेश में पनपने नहीं देना है। कहा, सिर्फ विकास की बातें करने से विश्वास नहीं आता है लेकिन जब नीयत साफ होती है, मेहनत दिन रात होती है, जनता के सुख दुख की चिंता होती है, तभी सामान्य मानवीय के मन में विश्वास पैदा होता है। लेकिन, जिनकी राजनीतिक बुनियाद अपराध, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार पर टिकी हो वो कभी सुधर नहीं सकते हैं।
आप देखिए कैसे कैसे उम्मीदवारों को टिकट दिया है, इनके ज्यादातर उम्मीदवार हिस्ट्रीशीटर हैं और उनकी तो हालत ऐसी है कि कई लोग तो जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं। साथियों लोकतंत्र की व्याख्या करते हुए विश्व में एक बात कही जाती है- गर्वंमेंट ऑफ दा पीपुल, बाय दा पीपुल और फॉर दा पीपुल यानी जनता का जनता के लिए और जनता द्वारा शासन। हमारी देश की घोर परिवावादी पार्टियों ने लोकतंत्र के मंत्र को ही बदल दिया। ये लोग क्या कहते हैं- उनका सूत्र क्या है- परिवार का, परिवार के लिए और परिवार द्वारा शासन, गर्वंमेंट ऑफ दा फैमिली, बाय दा फैमिली फॉर दा फैमिली। इसलिए यूपी के लोगों ने फिर ठान लिया है कि अपने परिवार के स्वार्थ में काम करने वाले लोग अब उत्तर प्रदेश में नहीं चाहिये।
यूपी के लोगों को तो पब्लिक की सेवा करने वाले लोग चाहिये, परिवार की सेवा करने वाले नहीं। इन घोर परिवारवादियों की कुनीति का गवाह कन्नौज का इत्र कारोबार भी है। इन लोगों ने अपने भ्रष्टाचार से अपने काले कारनामों से यहां के इत्र कारोबार को भी बदनाम किया, इन्होंने इत्र को करप्शन से जोड़ दिया। हम इस इत्र को ग्लोबल ब्रांड बनाने में जुटे हुए हैं, दुनिया में कन्नौज के इत्र का डंका बजे इसके लिए हम काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार हाई वोल्टेज करंट चल रहा है और 10 मार्च के बाद ये अपना अस्तित्व बचाते नजर आएंगे। एक तरफ वो लोग हैं जो परिवारवार, क्षेत्रवाद फैलाया है और दूसरी तरफ वो लोग हैं जिन्होंने राष्ट्रवाद फैलाया है। भाजपा ने कोरोना काल में भी काम किया, इनसे पूछे संकट के समय कहा थे और आज ये घर से निकल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना की वजह से आज देश में लोगों के टीकाकरण की बहुत चर्चा हो रही है, सबको पता है कि टीकाकरण कितना बड़ा काम है और कितनी मेहनत होती है। लेकिन, एक बात मैं बताता हूं जिसकी बहुत चर्चा नहीं हो रही है। जैसे कोरोना के समय वैक्सीन की चर्चा होती है, हमने आजादी के बाद पहली बार एक काम शुरू किया है, वो पशुओं के लिए टीकाकरण बहुत बड़ा अभियान चलाया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts