मेरठ। विधानसभा  चुनाव 2022 के पहले चरण के चुनाव से शुरूआत कर अंतिम चरण के मतदान तक भाजपा ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा लाभार्थी,महिला और सामाजिक संपर्क के तहत हर घर तक पहुंचने का प्लान बना चुकी है। इस कड़ी में कार्यकर्ता घर पर स्टीकर और भाजपा का झण्डा लगाने का आग्रह भी करेंगे।

भाजपा जन विश्वास यात्राओं के जरिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने के बाद अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जनसंपर्क अभियान का आगाज कर रही है। पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकॉल पालन करते हुए घर-घर जाएंगे। लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी लोगों को देंगे। लोगों को बताएंगे कि प्रदेश की योगी सरकार ने कैसे अपराधियों पर नकेल कसी, कैसे बेघरों को आवास मुहैया कराए, घर-घर बिजली पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किए तथा कैसे यूपी को रोजगार प्रदेश बनाया और कैसे किसानों के जीवन को खुशहाल बनाया है।

पश्चिमी क्षेत्र के सभी 30814 बूथों पर घर-घर पहुंचने का प्लान :

उन्होने बताया कि भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता पश्चिम क्षेत्र के 30814 बूथों पर घर-घर जाएंगे। पांच-पांच समूह बनाकर भाजपा कार्यकर्ता सभी 71 विधानसभा क्षेत्रों में सघन संपर्क अभियान चलाएंगे। पार्टी द्वारा वोटर लिस्ट के पन्ना स्तर तक लोगों से संपर्क का कार्यक्रम पार्टी द्वारा बनाया गया है। सरकार की  उपलब्धियों को लोगों को बताने के लिए संपर्क टोली लोगों को सरकार की उपलब्धियों को बताने वाले पैम्पलेट 'पूरी हुई हर आस, घर घर हुआ विकास' भी देंगे।

तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता करेंगे प्रवास :

अभियान के तहत तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इसमें महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क शामिल हैं। पश्चिम क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा क्षेत्रों के अनुरूप टोलियां बनाई गई हैं। संपर्क के क्रम में सभी टोलियों के लोग कोविड व्यवहार का पालन करेंगे। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संपर्क टोली लोगों के घरों में भाजपा के स्टीकर और झंडे भी लगाने का आग्रह करेगी। अभियान के तहत  लाखों लाभार्थियों से विशेष तौर पर सम्पर्क की योजना बनाई गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts