कन्नौज से चुनाव लड़ने की अटकलें हुई तेज

लखनऊ।कानपुर के निवर्तमान पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने रविवार सुबह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह के आवास पर पहुंच कर उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद असीम ने कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का आशीर्वाद लिया है।
असीम अरुण ने एक दिन पहले ही ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कहने पर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं भाजपा कन्नौज सदर से उन्हें चुनाव में उतार सकती है। यह सीट सपा का मजबूत गढ़ रही है। कन्नौज सदर सीट पर पिछले 20 वर्षों से सपा का एक छत्र राज है। तीन बार से अनिल दोहरे साइकिल के निशान पर चुनाव जीतते आ रहे हैं। 2017 में मोदी मैजिक के दौरान भाजपा ने इस सीट को लेकर जबरदस्त घेराबंदी की थी, लेकिन सपा का किला ढहा नहीं पाई थी।
सूत्रों के अनुसार पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने करीब डेढ़ महीने पहले राजनीति में आने और चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। यह बात उन्होंने भाजपा और प्रदेश सरकार की सबसे मजबूत कड़ी के सामने रखी थी। उनके वीआरएस देने और भाजपा में शामिल होने के एलान के पीछे संघ की भूमिका भी महत्वपूर्ण बताई जा रही है। असीम अरुण गोरखपुर में डीआईजी के रूप में अपनी पोस्टिंग के दौरान गोरक्षपीठ के संपर्क में आए थे। तब से उनका पीठ से लगाव बढ़ता गया। इसका परिणाम सबके सामने है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts