नई दिल्ली (एजेंसी)।देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। महाराष्ट्र में रविवार को सात और लोग कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। महाराष्ट्र में अब तक ओमोक्रोन के कुल 8 मामले हो गए हैं।
अधिक जानकारी देते हुए राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र के पुणे जिले के सात लोगों में ओमिक्रोन वैरिएंट पाया गया है। इसमें एक महिला भी शामिल है, जो नाइजीरिया से अपनी दो बेटियों के साथ अपने भाई से मिलने पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में आई थी। उन्होंने कहा कि उनके भाई और उनकी दो बेटियों में भी ओमिक्रोन का संक्रमण पाया गया है। इसके साथ ही एक अन्य मामला पुणे के एक व्यक्ति का है, जो पिछले महीने के अंतिम सप्ताह में फिनलैंड से भारत लौटा था। अधिकारी ने आगे कहा कि महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के कुल मामलों की संख्या अब आठ हो गई है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक व्यक्ति को इस नए वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है जो हाल ही में तंजानिया से लौटा था। तंजानिया से ही लौटा एक व्यक्ति मुंबई में कोरोना संक्रमित पाया गया है, अधिकारियों को उसके ओमिक्रोन से संक्रमित होने का शक है। उसके नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। देश में अब तक 12 लोगों में ओमिक्रोन वैरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
ओमिक्रोन वैरिएंट को लेकर अत्यधिक जोखिम वाले देशों से लौटे और कोरोना संक्रमित पाए गए 12 लोगों को दिल्ली के लोक नायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनके नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई गई थी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इन्हीं में से 37 वर्षीय एक व्यक्ति में ओमिक्रोन वैरिएंट पाया गया है। वह तंजानिया से लौटा था और संक्रमण के हल्के लक्षण पाए जाने पर उसे दो दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। जोखिम वाले देशों से लौटे संक्रमित लोगों की संख्या भी 17 हो गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts