श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी में कराई जा रही बैरीकेडिंग
गोरखपुर। नगर निगम ने छठ घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। तकिया घाट, डोमिनगढ़ छठ घाट और हनुमान गढ़ी घाट पर पूजा की व्यवस्था के साथ ही घाटों की साफ-सफाई कराने के साथ ही रंगाई-पोताई भी तेजी से कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी में बैरीकेडिंग कराई जा रही है।
नगर आयुक्‍त ने किया घाटों का निरीक्षण
छह नवंबर को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने छठ घाटों पर व्यवस्था का निरीक्षण किया। अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मुकेश रस्तोगी ने शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर व्यवस्था का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने बताया कि छठ घाटों पर नदी में बैरीकेडिंग कराई जा रही है। इससे श्रद्धालु गहराई में नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा छठ घाटों पर नगर निगम की टीम मौजूद रहेगी। नगर निगम के शिविर में श्रद्धालुओं के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। पथ प्रकाश की व्यवस्था तेजी से कराई जा रही है।
पार्कों में तालाब का निर्माण पूरा
मुख्य अभियंता सुरेश चंद ने बताया कि शहर के जिन पार्कों में छठ पूजा होती है वहां तालाब खोदकर पानी भरा जा रहा है। यहां सफाईकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पूजा के बाद सफाई कराई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं होगी।
विसर्जन तट पर कर्मचारी तैनात
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के लिए बनाए गए घाटों पर 24 घंटे नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके लिए कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्ट में तैनाती की गई है। प्रतिमा विसर्जन मार्ग तक की सड़क को पहले ही ठीक कराया जा चुका है। एकला बांध से राप्ती नदी के किनारे बनाए गए तीनों कृत्रिम तालाबों तक पहुंचने के लिए लोहे की चादरें बिछाई गई हैं। इससे तालाब तक वाहन पहुंचने में आसानी हो गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts