कांग्रेस सभी सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनावः प्रियंका गांधी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव- 2022 में बहुजन समाज पार्टी के बाद कांग्रेस ने बड़ी घोषणा की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर मैदान में उतरने का एलान किया है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में एकला चलो की राह पकडऩे वाली अब कांग्रेस किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुलंदशहर में कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई लोगों ने मुझसे कहा कि कुछ भी करिए इस बार गठबंधन मत करिए। मैं आप लोगों को आश्वासन देना चाहती हूं हम सारी सीटों पर लड़ेंगे, अपने दम पर लड़ेंगे। हमने इसका प्लान भी तैयार कर लिया है।
प्रियंका ने कहा कि सभी को पता है कि कांग्रेस ने ही देश तथा प्रदेश में सबसे लम्बे समय तक काम किया है। कांग्रेस केवल विकास नहीं लाई बल्कि जन-जन तक उसको पहुंचाने का भी काम किया है। कांग्रेस को प्रदेश में एक बार फिर शासन में लाने के लिए हम लोग प्रयासरत हैं।
उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ सिर्फ कांग्रेस ही हर जगह पर खड़ी है। प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी तथा बहुजन समाज पार्टी ने तो भाजपा के सामने सरेंडर कर दिया है। उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी के चयन में भी काफी तेजी कर दी है। इसमें भी 40 प्रतिशत सीट महिला प्रत्याशियों के लिए पहले से ही आरक्षित की गई है।
No comments:
Post a Comment