आईबी की सूचना पर बिहार एटीएस ने किया गिरफ्तार
पटना (एजेंसी)। आईबी की सूचना पर बिहार एटीएस ने रविवार को राजधानी में बड़ी कामयाबी हासिल की है। खुद को नेवी की मेडिकल टीम का स्टाफ बताने वाली पाकिस्‍तानी महिला को खुफिया जानकारी देने के आरोप में पटना के दानापुर इलाके से सेना के जवान को गिरफ्तार किया गया है।
जवान पर आरोप है कि वह फील्‍ड इन्फार्मेशन पड़ोसी देश की एक महिला को फोन पर देता था। उस पर कुछ गोपनीय दस्तावेज साझा करने के भी आरोप लगे हैं। हनी ट्रैप के मामले में गिरफ्तार जवान ने प्रारंभिक पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। आरोपित बिहार के नालंदा निवासी गणेश कुमार मुकेश है। उसकी अभी पुणे में पोस्टिंग है। जवान से खगौल थाने में आइबी, सेना के अधिकारी और एटीएस पूछताछ कर रही है।  
मिली जानकारी के अनुसार नालंदा जिले के अस्थावां गांव निवासी गणेश कुमार मुकेश सेना में मेडिकल कोर का जवान है। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग महाराष्ट्र के पुणे में है। जवान पर आरोप है कि वह पाकिस्तान में रह रही एक महिला को सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी साझा कर रहा था। महिला की जवान से फोन पर बात होती थी। आरोप यह भी है कि वह गोपनीय दस्तावेज भी पाकिस्तानी महिला से साझा करता था। आईबी की रिपोर्ट पर छठ के दो दिन पहले से ही बिहार एटीएस की टीम जवान के पीछे लगी थी। पुष्टि होने पर रविवार को उसकी गिरफ्तारी की गई। उसपर गुप्त जानकारी साझा करने का आरोप है।
बताया जाता है कि महिला से दो साल पहले उसकी दोस्ती हुई थी। तब वह राजस्थान के जोधपुर में था। पाकिस्तानी महिला ने खुद को नेवी की मेडिकल टीम का स्टाफ बताया था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts