प्रियंका गांधी होंगी चुनाव अभियान का चेहराः पीएल पुनिया
नई दिल्ली (एजेंसी)।कांग्रेस की प्रचार समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष पीएल पुनिया ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनाव अभियान का चेहरा प्रियंका गांधी वाड्रा होंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान में राज्य में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक हस्ती अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी ही हैं।
पुनिया को शुक्रवार को ही यूपी में अगले साल होने वाले चुनाव के लिए पार्टी की चुनाव प्रचार के प्रमुख 20 सदस्यों वाली समिति का प्रमुख बनाया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बहुत ही कम मौकों पर पार्टी का मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में कोई भी नेता प्रियंका गांधी से ज्यादा लोकप्रिय नहीं है। जहां तक सवाल है कि कांग्रेस का चुनाव अभियान किसे केंद्र में रखकर लड़ा जाएगा, तो हम खुशकिस्मत हैं कि प्रियंका गांधी प्रचार के लिए हमेशा तैयार हैं। प्रियंका गांधी ही हमारा एक चेहरा होंगी जिनके इर्द-गिर्द पूरा चुनाव अभियान चलेगा।
20 सदस्यीय अभियान समिति के प्रमुख पुनिया जबकि संयोजक प्रदीप जैन बनाए गए हैं। पैनल में मोहसीना किदवई, प्रमोद तिवारी, राज बब्बर, आरपीएन सिंह, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, इमरान मसूद और इमरान प्रतापगढ़ी भी शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तीन नए उपाध्यक्ष, 13 महासचिव और 31 सचिव नियुक्त किए हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में घोषणा पत्र तैयार करने के लिए गठित कमेटी की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को सौंपी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts