सात नए चेहरे शामिल, कैप्टेन समर्थक पांच की छुट्टी
अरुण खोसला
चंडीगढ़। पंजाब की नई कैबिनेट तय हो गई है। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित रविवार शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली नई कैबिनेट के मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। शनिवार दोपहर राज्यपाल से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने मंत्रियों की शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल से समय मांगा था। राज्यपाल की तरफ से रविवार शाम 4:30 बजे का समय तय किया गया है।
इस बीच नए मंत्रिमंडल में शामिल चेहरों को लेकर सोशल मीडिया पर अनुमान लगाए जाने लगे हैं वहीं दूसरी ओर शुक्रवार रात दस बजे नई दिल्ली में राहुल गांधी के आवास पर मुख्यमंत्री चन्नी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू, उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और गोपी सोनी की मौजूदगी में मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिया गया। माना जा रहा है कि नए मंत्रिमंडल में पांच पूर्व मंत्रियों को जगह नहीं दी गई है जबकि 7 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। इनमें परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और संगत सिंह गिलजियां के नाम प्रमुख हैं।
कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब में नई कैबिनेट के गठन को लेकर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को आगे रखकर ही फैसला लिया है। चन्नी को अपनी टीम बनाने की पूरी छूट दी गई थी। कांग्रेस नेतृत्व ने चन्नी मंत्रिमंडल के लिए मंत्रियों के नाम थोपने के बजाय उन्हीं के सुझाए पर नामों को लेकर अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श किया। पंजाब से जुड़े कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के सुझाव भी चयन प्रक्रिया के लिए अहम माने जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts