पाकिस्तानी ड्रोन ने अमृतसर में गिराए हथियार
 हैंड ग्रेनेड, कारतूस, टिफिन बम विस्फोटकों से भरा बैग बरामद

अरुण खोसला

अमृतसर (पंजाब)  स्वतंत्रता दिवस के मौके से ठीक पहले देश में आतंकी हमले की एक साजिश को पुलिस ने नाकाम बना दिया है। रविवार की रात पाकिस्तान की तरफ से आये एक ड्रोन के जरिए हथियारों और आरडीएक्स से भरा एक बैग पंजाब के बॉर्डर एरिया में फेंका। गनीमत रही कि पुलिस ने उसे बरामद कर उसमे रखे टिफिन बम को डिफ्यूज कर बड़ा हादसा होने से बचा लिया है।
इस बात की जानकारी पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने प्रेसवार्ता में देते हुए बताया कि पाकिस्तान की एक नापाक साजिश नाकाम की गई है। रविवार की देर रात बॉर्डर से सटे देहात एरिया के पुलिस स्टेशन लोपोके के तहत आने वाले गांव डालेके में ड्रोन की मूवमेंट देखी गई। जिसकी सूचना गांव के पूर्व सरपंच ने फोन कर पुलिस को दी थी।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने यह भी बताया कि बैग में 7 पैकेट मिले है जिन्हें एक-एक करके खोला गया तो पहले पैकेट में तीन छोटे पैकेट में 9 एमएम की 100 गोलियां रखी हुई थीं। तीन अन्य पैकेट में 5 हैंड ग्रेनेड थे। 7 वें पैकेट को देखकर सभी हैरान रह गए। उसमें गुलाबी रंग का प्लास्टिक का डिब्बा ( टिफिन बम्ब ) मिला जिसमें आरडीएक्स भरा हुआ था। इसे इंप्रोवाइज्ड एक्सपलोजिव डिवाइस के साथ जोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि बैग से 9 वोल्ट की एक बैटरी और तीन डेटोनेटर भी बरामद किए गए हैं। गुप्ता के अनुसार इस विस्फोटक का इस्तेमाल किसी भी लक्ष्य के खिलाफ किया जा सकता था।
डीजीपी ने बताया कि टिफिन में तीन किलोग्राम आरडीएक्स था। पूरा टिफिन तीन तरह की तकनीक से जोड़ा गया था। जिसके चलते इसे तीन तरीकों से फोड़ा जा सकता है। एक मैग्नेटिक ट्रिक थी। अगर एक्टिवेट करने के बाद इसमें अधिक मूवमेंट हो तो ये आसानी से फट सकता है। दूसरी इसमें स्प्रिंग तकनीक प्रयोग की गई थी। एक्टिवेट करके छोड़ा जाए तो ये कुछ समय बाद खुद फट सकती थी। दूसरी भाषा में इसे टाइम बम कह सकते हैं। तीसरी तकनीक, इसे रिमोट के जरिए या मोबाइल के जरिए भी फोड़ा जा सकता था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts