कोर्ट ने केंद्र से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट


नई दिल्ली (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि वह राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को ऑक्सीजन आवंटन के बारे में राष्ट्रीय टास्कफोर्स के सुझावों पर अमल को लेकर दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट पेश करे। इस टास्कफोर्स का गठन सुप्रीम कोर्ट ने किया था। देश में दूसरी कोरोना लहर के दौरान जबर्दस्त ऑक्सीजन संकट पैदा हो गया था। कई राज्यों में इसकी कमी के चलते अनेक लोगों की मौत की खबरें आई थीं। 
शीर्ष न्यायालय ने कहा कि चूंकि एनटीएफ में वरिष्ठ डॉक्टर व विशेषज्ञ शामिल हैं, इसलिए केंद्र से अपेक्षा की जाती है कि उनकी सिफारिशों का नीतिगत स्तर पर पालन होना चाहिए, ताकि मौजूदा व भविष्य में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। 
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड व जस्टिस एमआर शाह की पीठ ने इसके साथ ही मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद करना तय किया। इस मामले को कोरोना महामारी से निपटने की तैयारियों को लेकर स्वत: संज्ञान लेकर दायर अन्य याचिकाओं के साथ सूचीबद्ध कर दिया। शीर्ष कोर्ट ने कहा कि एनटीएफ की अंतिम रिपोर्ट दायर की जा चुकी है और राष्ट्रीय राजधानी में ऑक्सीजन की जरूरत के आकलन को लेकर उपसमिति की अंतरिम रिपोर्ट भी दायर की जा चुकी है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts