मेरठ। घर से लापता दो किशोर दोस्तों के शव रविवार सुबह आम के बाग़ में मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की पीठ पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। एक किशोर के चेहरे पर चोट के निशान हैं। जिससे माना जा रहा है कि किशोर ने हमलावरों से हाथापाई भी की है।  इसके चलते ही उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं। दोनों के लापता होने की गुमशुदगी देर रात दर्ज कराई गई थी। सूचना पर एसपी देहात, सीओ और फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई थी। मौके पर पुलिस टीम भी जांच में जुटी हुई है।
किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर निवासी जाने आलम ई-रिक्शा चलाते हैं। उनका 15 वर्षीय बेटा सादिक भी कभी-कभी फतेहपुर शाहजहांपुर रोड पर ई रिक्शा चलाता था। शनिवार शाम वह गांव निवासी अपने 13 वर्षीय दोस्त अमान के साथ फतेहपुर में किसी महिला को छोड़ने के लिए गया था। शाम करीब 5:30 बजे सादिक की पिता से बात हुई थी। वह फतेहपुर से लौट रहा था। करीब 10 मिनट बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था। तभी से दोनों के परिजन उनकी तलाश में जुट गए थे। देर रात करीब 1 बजे उनकी गुमशुदगी दर्ज करा दी गई थी।
सुबह ग्रामीण ने एक आम के बाग में दो किशोरों के शव देखकर पुलिस को सूचना दी। उनकी शिनाख्त सादिक और अमान के रूप में हुई। दोनों के पेट और पीठ पर धारदार हथियार के वार के निशान थे। जानकारी पर परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर एसपी देहात केशव कुमार और फॉरेंसिक टीम के साथ ही डॉग स्क्वायड भी पहुंच गया। किशोर जिस ई रिक्शा को लेकर घर आ रहे थे वह भी नहीं मिला। माना जा रहा है कि लूट के विरोध पर ही दोनों की हत्या की गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts