मेरठ। थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव सलेमपुर में चढ़त के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गांव के एक बुजुर्ग को गोली लग गई। जिससे ग्रामीणों में रोष हो गया। गुस्साएं ग्रामीणों ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कई बारातियों के कपड़े फाड़ दिए गए। ग्रामीणों ने भाग रहे बारातियों को बंधक बना लिया और उनके वाहनों में भी बुरी तरह से तोड़फोड़ कर दी। एक घंटे तक चले घटनाक्रम से गांव में हड़कंप मच गया। वहीं जिस व्यक्ति के घर बारात आई थी वो भी ग्रामीणों के साथ हो गया। जिससे माहौल और अधिक भड़क उठा। एक घंटे बाद थाना खरखौदा पुलिस गांव पहुंची तो मामला शांत हुआ। सीने में गोली लगने से घायल युवक को हापुड़ रोड स्थित एमसीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां युवक का ऑपरेशन किया गया। इधर, इस घटना के बाद दुल्हन पक्ष की ओर से निकाह के लिए मना कर दिया। लिसाड़ी गेट के जाकिर कॉलोनी से चांद के बेटे शहजाद का निकाह खरखौदा के सलेमपुर निवासी चांद मोहम्मद की बेटी ईरम से तय हुआ था। बारात जाकिर कॉलोनी से सलेमपुर गांव गई थी। देर रात बारात की चढ़त हो रही थी तभी दूल्हा पक्ष की ओर से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी गई। इसी दौरान एक गोली दूल्हन पक्ष के 50 वर्षीय अधेड़ मूसा के सीने में लग गई। गोली लगने से खून से लथपथ मूसा गिर गया। हादसे के बाद हर्ष फायरिंग करने वाला बाराती कार में सवार होकर भागने लगा तभी ग्रामीणों ने बारातियों के वाहनों को चारों ओर से घेर लिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। कार से निकलकर बाराती खेतों के रास्ते से घर की ओर पैदल ही भागने लगे। ग्रामीणों ने बारातियों को चारों ओर से घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई की। कुछ बारातियों को ग्रामीणों ने बंधक भी बना लिया। गांव में मारपीट की सूचना के बाद थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। मामला बढ़ता देख आसपास के थानों की पुलिस बुलाई गई और मामले को शांत किया गया व बंधक बनाए गए बारातियों को छुड़वाया। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि घायल युवक के परिजनों ने तहरीर दी है। फायरिंग करने वालों की तलाश में दबिश डाली जा रही है।
No comments:
Post a Comment