मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह 98 वर्ष के थे।
दिलीप कुमार लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारों से ग्रसित थे। सुपरस्टार अभिनेता दिलीप कुमार को 30 जून को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था।
उनकी (दिलीप कुमार) पत्नी सायरा बानो ने मंगलवार को प्रशंसकों को आश्वासन दिया था कि उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने कहा, "दिलीप कुमार साहब की तबीयत अभी स्थिर है। वह अभी भी आईसीयू में हैं, हम उन्हें घर ले जाना चाहते हैं, लेकिन हम डॉक्टरों की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। डॉक्टर जैसे ही अनुमति देंगे, हम उन्हें घर ले जाएंगे। उन्हें आज छुट्टी नहीं दी जाएगी। उन्हें प्रशंसकों की दुआओं की जरूरत है। वह जल्द ही स्वस्थ होंगे और वापस लौटेंगे।"अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने श्री दिलीप कुमार के निधन की पुष्टि कर दी है।
सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
एएनआई कि रिपोर्ट के मुताबिक, उनका इलाज कर रहे पल्मोनॉजिस्ट डॉक्टर जलील पार्कर ने भी यह खबर दी। दिलीप कुमार हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती थे। दिलीप कुमार की सेहत बिगड़ने के बाद उनकी पत्नी सायरा बानो सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपडेट दे रही थीं। दिलीप कुमार को बीती 6 जून को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। रिपोर्ट्स थीं कि उनके लंग्स में फ्लूइड इकट्ठा था जिसके ट्रीटमेंट के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद 29 जून को कुछ दिक्कत महसूस होने पर उन्हें फिर से हॉस्पिटल में ऐडमिट करवाना पड़ा। उनके ट्विटर अकाउंट पर हेल्थ अपडेट दिया गया था जिसमें हालत में सुधार बताया गया था। वहीं सायरा बानो ने भी मीडिया से कहा था कि उन्हें जल्द घर ले जाएंगी। लेकिन इस बार फैंस और करीबियों की लाख दुआओं के बाद भी दिलीप साहब इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए।
पीएम मोदी ने शोक जताया
पीएम मोदी ने भी दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा , "उन्हें एक सिनेमाई लीजेंड के रूप में याद किया जाएगा।" पीएम ने कहा, "उन्हें अद्वितीय प्रतिभा का आशीर्वाद प्राप्त था, जिसके कारण पीढ़ियों के दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए थे। उनका निधन हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए एक क्षति है"
राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सबसे पहले दिलीप कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी परफॉमेंस को आने वाली पीढ़ियों में याद किया जाएगा। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "दिलीप कुमार जी के परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। भारतीय सिनेमा में उनके असाधारण योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए याद किया जाएगा।"
No comments:
Post a Comment