आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों के कार्ड बनाने पर रहेगा फोकस 

 

नोएडा, 23 जुलाई 2021 जनपद गौतमबुद्धनगर में 26 जुलाई से नौ अगस्त तक आयुष्मान पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील कुमार शर्मा ने दी। उन्होंने बताया इस संबंध में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
  डॉ. शर्मा ने बताया - पखवाड़े के तहत लक्षित परिवारों को योजना के प्रति जागरूक करते हुए आयुष्मान कार्ड कैम्प तक लाने एवं अधिकतम पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। इस अभियान में ऐसे परिवारों को लक्षित किया जाएगा, जिन  परिवारों  के  एक भी सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। 
 आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया - आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के लिए 26 जुलाई से अभियान शुरू होगा जो नौ अगस्त तक चलेगा। इस अभियान के लिये कैंप आयोजित किये जाएंगे। यह कैम्प सार्वजिनिक स्थल जैसे- पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर, आंगनबाड़ी केन्द्र, प्राथमिक विद्यालय आदि पर लगाए जाएंगे। ऐसे स्थानों की सूची तैयार की जा रही है। 
लाभार्थी की ग्रामवार सूची संबधित ग्राम सभा के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। कैंप स्थल  एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर बैनर लगाकर अभियान का प्रचार -प्रसार किया जाएगा। कैंप की निर्धारित तिथि से पूर्व संबंधित आशा व  आँगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गांव के लाभार्थी परिवारों में आयुष्मान कार्ड के बारे में  जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी।
उन्होंने बताया - योजना के अंतर्गत अब तक जनपद में 45786 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। जनपद में 34955 लाभार्थी परिवार हैं। आयुष्मान पखवाड़े में  12000 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य शासन से मिला  है। डा. अशोक ने बताया आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित परिवारों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा अनुमन्य है। योजना का लाभ प्राप्त करके के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी के पास आयुष्मान कार्ड होना अनिवार्य है।
  निशुल्क बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड
 डा. अशोक ने बताया - सरकार की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए ली जाने  वाली 30 रुपये की फीस को खत्म कर दिया गया  है। अब किसी लाभार्थी को कार्ड के लिये कोई फीस नहीं देगी होगी। कार्ड बनवाने के लिये लाभार्थी को आधार कार्ड ,  राशन कार्ड, परिवार पंजिका की नकल व  प्रधानमंत्री का पत्र लेकर कैंप में आना होगा।  सिर्फ 2011 की आर्थिक जनगणना के अनुसार चयनित पात्रों के ही आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts