मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का पूरे राजकीय सम्मान के साथ सहारनपुर के नानौता स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर कोरोना-19 प्रोटोकॉल का विशेष ख्याल रखा गया। 
बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ सहारनपुर के नानौता स्थित श्मशान घाट में कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मौत का शिकार हुए प्रदेश के राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का भारी गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोविड-19 के प्रोटोकॉल के मुताबिक किए गए अंतिम संस्कार में उनके भाई अजय कश्यप ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास मिशन विभाग मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, मुजफ्फरनगर भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, खतौली विधायक विक्रम सैनी समेत उत्तर प्रदेश के कई सांसद और विधायक मौजूद रहे। राज्य मंत्री विजय कश्यप के निधन पर समूचे क्षेत्र में शोक की लहर है और प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में भी मुख्यमंत्री समेत अन्य सभी मंत्रियों द्वारा राज्य मंत्री विजय कश्यप के निधन पर शोक व्यक्त किया गया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री चरथावल विधायक विजय कश्यप का बीते दिन की देर रात गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत राज्यमंत्री को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 2 सप्ताह से उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान चिकित्सकों द्वारा तमाम कोशिशें की गई। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts