मेरठ । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान जारी है। घटनाओं पर अफसर और पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सरधना के गांव दबथुवा में हंगामा हो गया। यहां प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच टकराव हो गया और एक समर्थक के पेट में छुरा घोंप दिया गया। छबड़िया में भी दो पक्षों में विवाद हो गया। यहां करीब 45 मिनट तक मतदान प्रक्रिया थमी रही। हस्तिनापुर में भी समर्थक भिड़ गए।
सरधना के गांव दबथुवा में प्रदीप हुड्डा के समर्थकों ने चुनाव कर्मचारियों पर निष्पक्ष चुनाव न कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। यहां पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया। वहीं, सरधना देहात में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। विवाद के दौरान एक युवक के पेट में छुरा घोंप दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस, आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। सरधना के छबड़िया गांव में पूर्व प्रधान और उनके पुत्र के साथ मारपीट कर दी गई। पीड़ित पक्ष मतदान केंद्र के सामने धरना देकर बैठ गया। पूर्व प्रधान जगदीश सिंह के समर्थकों ने पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने दुबारा चुनाव कराने की मांग की। छबड़िया में करीब 45 मिनट तक मतदान रुका रही। पूर्व प्रधान और उनके समर्थकों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया। पुलिस उन्हें समझाने में जुटी हुई है। वहीं, सरधना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का आईजी प्रवीण कुमार ने दौरा किया। परीक्षितगढ़ में एसएसपी अजय साहनी ने दौरा किया। ग्राम आलमगीरपुर बढ़ला सहित कई गांव में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts